भारत में बढ़ रहे कोरोना के नए मामले, बीते 24 घंटों में सामने आए 50 हजार से ज्यादा मामले

दिल्ली में रोजाना सामने आ रहे 6000 से ज्यादा मामले

देश में अब तक कोरोना से 1,25,562 लोगों की मौत
देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य महाराष्ट्र
नई दिल्ली : भारत में बीते 24 घंटों में कोविड-19 के 50,356 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस अवधि में और 577 मौतें दर्ज की गई हैं। नए आंकड़ों के साथ देश में शनिवार को कुल मामले 84,62,080 तक पहुंच गए। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से मिली है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में दर्ज किए गए कुल कोविड-19 मामलों में से 5,16,632 मामले वर्तमान में सक्रिय हैं, जबकि 78,19,886 को छुट्टी दे दी गई है और 1,25,562 लोग महामारी के खिलाफ लड़ाई हार गए। देश में रिकवरी दर 92.41 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने शुक्रवार को एक ही दिन में 11,13,209 सैंपल टेस्ट किए हैं, जिनके साथ अब तक कुल 11,65,42,304 सैंपल जांच हो चुकी है।
शुक्रवार को सामने आये सबसे ज्यादा केस
महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य बना हुआ है। यहां कुल 17,10,314 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें 44,965 मौतें भी शामिल हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली का स्थान है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में महामारी के शुरुआत के बाद से शुक्रवार को कोविड-19 के सबसे अधिक मामले दर्ज हुए। त्योहारी सीजन और शहर में बढ़ते प्रदूषण के स्तर के बीच पॉजिटिविटी दर 12.19 फीसदी है और यहां 7,178 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4,28,831 हो गया है।
देश में 4 किस्म के टीके पर 3 तरह से हो रहा काम, 30 समूह कर रहे हैं कोरोना वैक्सीन बनाने का प्रयास
दिल्ली में पिछले चार दिनों से रोजाना 6,000 से अधिक कोविड -19 मामले रिकॉर्ड किये जा रहे हैं। इससे दो दिन पहले यानी बुधवार को 6,842 मामले दर्ज किए गए थे, जिसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार किया कि राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण की तीसरी लहर प्रभावी है। वहीं जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या 4.9 करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि मृत्यु 12,41,360 से अधिक हो गई है।

अन्य समाचार