बिहार के नालंदा में छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने पति-पत्‍नी को गोली मारी , महिला की हालत नाजुक

पटना/ नालंदा, जेएनएन। बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में शेरपुर गांव में बदमाशों ने पति-पत्‍नी को गोली मारकर जख्‍मी कर दिया। बदमाश महिला से छेड़खानी कर रहे थे। जिसका पति ने विरोध किया। इसी बात पर बदमाशों ने दोनों को गोली मार दी ।

गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े़। जख्‍मी धनंजय कुमार और उसकी पत्‍नी बबिता देवी को स्‍थानीय सदर अस्‍पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्‍टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। डॉक्‍टरों ने बताया कि महिला की हालत नाजुक है।
सूचना पर सदर अस्‍पताल पहुंची पुलिस ने दोनों पति-पत्‍नी का बयान ले लिया है। जख्‍मी के पिता ने बताया कि बेटा धनंजय ऑटो चलाता है। शुक्रवार की शाम को गांव में ही पड़ोसी कारू कुमार और मनीष कुमार बहू से छेड़खानी कर रहे थे। यह देखकर बेटे ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी।

अन्य समाचार