अहियापुर के द्रोणपुर में प्रतिमा तोड़ने पर गांव में तनाव

अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां द्रोणपुर स्थित एक धार्मिकस्थल पर स्थापित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने शुक्रवार की रात तोड़ दिया है। इसकी जानकारी शनिवार की सुबह करीब पांच बजे लोगों को हुई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर अहियापुर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंचकर छानबीन की। व्यवस्थापक कमेटी ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ आवेदन दिया है। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। इधर, व्यवस्थापक कमेटी के दिनेश कुमार मिश्रा व रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि लोग प्रतिदिन सुबह पांच बजे उक्त स्थल पर पहुंचते थे। शनिवार को भी नीयत समय से पहुंचे। गेट खोलने पर देखा कि प्रतिमा नीचे से टूटी हुई थी। उन्माद फैलाने की थी साजिश : ग्रामीणों ने बताया कि मतदान के दिन असामाजिक व आपराधिक तत्वों ने उन्माद फैलाने की साजिश की थी। घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है। लेकिन, उनलोगों का यह भी कहना है कि प्रतिमा तोड़ते हुए किसी को नहीं देखा है। ऐसे में किसी को आरोपित करना गलत है। दूसरी ओर खुफिया एजेंसी भी इस मामले पर नजर रख रही है।

अन्य समाचार