बर्तन में पटाखा बम रख फोड़ा, वोट डालने जा रही महिला की मौत

मुजफ्फरपुर-दरभंगा पुरानी रोड से सटे चक अब्दुल रहमान गांव में शनिवार को वोट डालने जा रही एक महिला पटाखा बम फटने से घायल हो गई। गंभीर स्थिति में उसे एसकेएमसीएच ले जाया गया। वहां इमरजेंसी में ऑपरेशन हुआ। पेट में घुसे स्टील के टुकड़े को डॉक्टरों ने निकाल भी दिया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतका मानती देवी (30) पास के गांव बुधनगरा के रंजीत सहनी की पत्नी थी। वह घर से 100 मीटर की दूरी पर चक अब्दुल रहमान गांव में वोट डालने जा रही थी।

रंजीत सहनी ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो चालक है। घर पर नहीं था। दोपहर में हुई घटना की खबर पाकर जब मौके पर पहुंचा तो पता चला कि गांव के ही तीन लड़के सड़क किनारे बर्तन में रखकर पटाखा बम फोड़ रहे थे। इस दौरान मानती वहां से गुजर रही थी। बम फटने के साथ बर्तन भी फट गया। स्टील का एक टुकड़ा पत्नी के पेट में घुस गया। इससे वह लहूलुहान हो गई। रंजीत ने बताया कि उसकी किसी से चुनावी रंजिश या दुश्मनी नहीं है। उसे अभी पता नहीं चल सका है कि घटना क्यों हुई, लेकिन इसे अंजाम देने वालों के नाम पुलिस को बताएंगे।
साइकिल छोड़ भागे लड़के :
घटना के बाद लड़के ने अपनी साइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकले। इससे उनकी पहचान की गई है। बोचहां थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि अबतक कोई आवेदन नहीं मिला है। पटाखा बम फटने की बात सामने आई है। इसकी छानबीन की जा रही है।
आधार कार्ड छूटने पर घर लौटी, दोबारा जाने के दौरान घटी घटना
बोचहां। घर पर मातम है। झोपड़ी से रंजीत की बहन खुशबू देवी की चीत्कार सबको गमगीन कर रही थी। मानती देवी के 10 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार, छह वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार एवं चार वर्षीय पुत्री अनुष्की कुमारी के लिए शनिवार का दिन मनहूस साबित हुआ। बच्चों ने अपनी मां को खो दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मानती देवी गांव की औरतों के साथ वोट डालने निकली थी, लेकिन आधार कार्ड छूटने पर वह घर लौटी आयी थी। फिर आधार लेकर बूथ की तरफ जा रही थी, तभी यह घटना हुई।

अन्य समाचार