आधी आबादी का दिखा दम, कहा-हम नहीं किसी से कम

एक तरफ बंदूक से लैस सुरक्षा की कमान संभालती महिला सिपाही तो दूसरी तरफ पूरी मुस्तैदी के साथ मतदान कर रही आधी आबादी। शनिवार को एक ही बूथ पर सशक्तीकरण व जागरूकता को लेकर महिलाओं के अलग-अलग रूप दिखे। सूरज चढ़ने के साथ बूथों पर महिला मतदाताओं की भागीदारी भी बढ़ती रही।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आधी आबादी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छह विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं की बूथों पर लंबी कतार रही। कई बूथों की सुरक्षा महिला सिपाहियों के जिम्मे भी थी। पहली बार वोट डालने आई निकिता हो या औराई में अपने दो पोतों के साथ वोट डालने आई 85 वर्षीय शिवदुलारी, सबके चेहरे पर इस महापर्व का हिस्सा बनने का उत्साह छलक रहा था। घर के कामकाज निपटाकर महिलाएं टोली में मतदान केंद्रों पर वोट डालने पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शहर में कई जगह महिलाएं अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंच गई थीं।
बेहतर प्रत्याशी के चयन के लिए मुद्दों पर खुलकर बोलीं महिलाएं
बोचहां विधानसभा में वोट डालने पहुंची धरोहर देवी, गायघाट में पहुंची रेणु देवी, निशा समेत सभी महिलाओं ने वोट डालने के साथ अपने हक की भी बात रखी। बूथों पर लगी महिलाओं की लंबी कतार इस बात की गवाह बनी कि वे सरकार बनाने के लिए घर की दहलीज लांघकर बाहर निकली हैं। बदलाव की लहर का असर हर किसी के चेहरे पर दिखाई दे रहा था। महिलाओं ने अपने मुद्दे को लेकर कहा कि बेहतर प्रत्याशी का चयन कर क्षेत्र के विकास के लिए मतदान किया। गोद में 20 दिन के बच्चे को लेकर मिडिल स्कूल बोचहां में वोट डालने पहुंची रामकलीदेवी ने कहा कि बाद में कहेंगे कि योजनाओं का लाभ नहीं मिलता। अभी वोट डालेंगे, तभी तो अपनी मनपसंद सरकार बनेगी।

अन्य समाचार