दरभंगा एयरपोर्ट पर कुछ घंटे में लैंड करेगी बेंगलुरु की फ्लाइट, मुंबई व दिल्ली के लिए भी सेवा शुरू

पटना [चंद्रशेखर]। दरभंगा से रविवार को दिल्ली, बेंगलुरु व मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा शुरू कर दी जाएगी। दरभंगा के विद्यापति एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस हवाईअड्डा के शुरू हो जाने से दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, पूर्णिया, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, कटिहार, सीतामढ़ी समेत 15 से अधिक जिलों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा। इस एयरपोर्ट से अभी केवल निजी विमान कंपनी स्पाइसजेट के ही विमान उड़ान भरेंगे। आज सुबह 11.05 बजे सबसे पहली फ्लाइट के रूप में बेंगलुरु से स्पाइस जेट का विमान संख्या एसजी 493 लैंड करेगा। इस विमान को कल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर वाटर सैल्यूट दिया जाएगा। स्पाइस जेट प्रबंधन की ओर से बेंगलुरु से आने वाले सभी यात्रियों को गुलाब का फूल देकर स्वागत किया जाएगा।

दरभंगा से बेंगलुरु, दिल्ली व मुंबई के लिए फ्लाइट
स्पाइस जेट प्रबंधन की ओर से रविवार को सबसे पहली फ्लाइट के रूप में बेंगलुरु से सुबह 8.45 बजे विमान संख्‍या एसजी 493 उड़ान भरेगा। यह विमान 11.05 बजे दरभंगा में लैंड करेगा। यहां से एसजी 494 बनकर 16.30 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। 18.55 बजे पुन: यह विमान बेंगलुरु पहुंचेगा। इसी तरह एसजी 495 दिल्ली से 14.20 बजे उड़ान भरेगा और 16.00 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। दरभंगा से सबसे पहली फ्लाइट के रूप में दिल्ली के लिए एसजी 496 विमान 11.45 बजे उड़ान भरेगा और 13.40 बजे दिल्ली पहुंचेगा। इसी तरह विमान संख्या एसजी 495 दिल्ली से 14.20 बजे उड़ान भरकर 16.00 बजे दरभंगा पहुंचेगा। यहां से यह बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। मुंबई से एसजी 944 विमान 12.10 बजे उड़ान भरेगा और 14.30 बजे दरभंगा लैंड करेगा। दरभंगा से यह विमान एसजी 945 बनकर 15.00 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरेगा और 18.10 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।
दीपावली और छठ में मिलेगा फायदा
दीपावली नजदीक होने व पहले दिन की यात्रा का गवाह बनने के लिए यात्रियों में तीनों विमान से आने की होड़ मची है। नतीजा यह है कि तीनों शहरों से आने वाले विमानों का किराया काफी बढ़ गया है। मुंबई से दरभंगा का किराया जहां 15 हजार रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। वहीं बेंगलुरु से दरभंगा का किराया 12 हजार रुपये से अधिक हो चुका है। दिल्ली से दरभंगा का किराया 11 हजार रुपये के आसपास है। हालांकि दरभंगा से तीनों शहरों का किराया अभी कम है। दरभंगा से दिल्ली व बेंगलुरु का किराया जहां 7600 रुपये है, वहीं मुंबई का किराया 9000 रुपये है। हालांकि आगे के दिन का किराया 5000 से 8000 रुपये के बीच ही है।

अन्य समाचार