शहर में दिन चढ़ने के साथ बढ़ता रहा वोट प्रतिशत

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मुजफ्फरपुर विधानसभा के वोटरों ने भी शनिवार को अपनी जिम्मेदारी निभायी। मतदान को लेकर महिला, बुजुर्ग व युवा मतदाताओं ने दम दिखाया। विधायक सह बिहार सरकार के मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, मेयर सुरेश कुमार, पूर्व मेयर वर्षा रानी, कांग्रेस प्रत्याशी विजेंद्र चौधरी ने भी वोट डाले। निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पत्नी के साथ प्रभात तारा स्कूल परिसर स्थित बूथ पर मतदान किया।

मतदान के लिए सुबह से ही बूथों पर वोटरों की कतार लगी रही। दोपहर में वोटरों के आने की रफ्तार धीमी पड़ी, लेकिन फिर शाम ढलने पर वोटरों की भीड़ बूथों पर देखने को मिली। कलमबाग व कन्हौली नाका बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी की वजह से करीब आधा घंटा विलंब से मतदान शुरू हो सका। सुबह नौ बजे तक मुजफ्फरपुर विधानसभा में सात प्रतिशत वोट पड़े थे, लेकिन अगले दो घंटे में इसमें उछाल आया और यह बढ़कर 18 फीसदी हो गया। एक बजे 31 फीसदी व दोपहर तीन बजे तक 38 फीसदी वोट पड़े थे। पॉलिटेक्निक कॉलेज के बूथ संख्या 120 पर एक पार्टी विशेष का झंडा भी कार्टन में प्रशासन को मिला। इसे जब्त कर लिया गया। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त पंकज कुमार, तिरहुत रेंज के आईजी गणेश कुमार, एसएसपी व डीएम, एसडीओ पूर्वी व पश्चिमी भी बूथों का औचक निरीक्षण किया।
शहर की सड़कों पर सन्नाटा, मजमा लगाने पर हड़काया
मुजफ्फरपुर। शनिवार की सुबह से शाम तक शहर के कई इलाकों की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कुछ इलाकों में चहल-पहल रही। इन इलाकों के चौक पर दुकानें भी खुलीं। पानी-खाने पीने की सामग्री बेची जा रही थी। हालांकि, दुकानों पर आम दिनों की तरह भीड़ नहीं थी। दुकानदार भी किसी को रुकने नहीं दे रहे थे। गश्त लगा रही पुलिस बीच-बीच में आकर दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों को हड़काती रही। सड़कों पर काफी कम संख्या में ऑटो व रिक्शा का परिचालन हुआ। बहुत ज्यादा जरूरी होने पर लोग साइकिल, बाइक व निजी कार से ही बाहर निकले।
टूटे हाथ के साथ विमला देवी अकेले पहुंचीं मतदान करने
मुजफ्फरपुर। लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी के लिए शहर के पुरानी बाजार की 75 वर्षीया विमला देवी ने गजब का हौसला दिखाया। दाहिने हाथ में प्लास्टर होने के बावजूद वह साहू रोड स्थित बूथ पर अपना वोट डालने पहुंची थीं। दर्द को दरकिनार कर उनके कदम बूथ की ओर बढ़े तो मतदान कर्मियों ने भी उनकी मदद की। मतदान कर बाहर निकलने पर विमला देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले आंगन में गिरने से दाहिना हाथ टूट गया था। अब भी दर्द है, पर आज से पहले कभी भी किसी चुनाव में मतदान नहीं छोड़ा। इसलिए इस बार भी अपनी भागीदारी निभायी। घर पर कोई सदस्य नहीं रहने से अकेले ही बूथ तक आयी थी।

अन्य समाचार