Bhagalpur Crime : गोराडीह के पिथना मौजा में हिंसक झड़प, चार जख्मी, फसल लूटे

भागलपुर, जेएनएन। जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र स्थित पिथना मौजा में भूमि विवाद में हुई हिंसक झड़प में चार लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में किसान मुहम्मद एजाज के अलावा आजम, अंजार, पप्पू ठाकुर शामिल हैं। जख्मी एजाज के बयान पर कुरुडीह निवासी मुहम्मद नासिर, महदूद, मुहम्मद मंसूद, मनदूद, नियाज, फालेहा को नामजद आरोपित बनाया गया है। गोराडीह पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

दर्ज केस के मुताबिक हमलावर लाठी, डंडे, हंसुआ, लोहे की रॉड आदि से लेस होकर खेत पहुंचे थे। वहां मौजूद धान काटने वालों पर हमला बोल दिया। जब तक किसान संभलते हमलावरों ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। हमलावरों ने कटे हुए धान भी लूट लिया। जख्मी एजाज के पैर में हंसुआ के हमले से गहरा जख्म लगा है। उसे बचाने सामने आए बेटे आजम और अंजार के अलावा पप्पू ठाकुर भी हमले में जख्मी हो गया। हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। हमलावरों का प्रतिकार करने खेत में धनकटनी में लगे लोग आगे बढ़े भी लेकिन हमलावरों में सबके पार हरवे-हथियार देख सभी भाग खड़े हुए। घायल लोग भी किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे। घटना की जानकारी गोराडीह पलिस को दी गई।
घटना को लेकर पिथना और कुरुडीह गांव के लोगों में तनाव है। घायलों की माने तो धान की कटी फसल जब बदमाश लूट कर ले जा रहे थे तब हमले की जानकारी पर गांव से आए हिदायतुल्ला, नसीम उद्दीन समेत अन्य लोग पहुंच गए। हमलावरों से लोहा लेते हुए उनसे लूटे हुए धान का बोझा वापस लेने में सफल रहे। उन्हीं लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई और केस दर्ज करने की कार्रवाई की।
क्षेत्र में तनाव
इस घटना के बाद क्षेत्र में काफी तनाव है। लोग अनहोनी की आशंका से दहशत में है। पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

अन्य समाचार