मास्क नहीं लगाने पर पिंक बूथ से लौटाई गई मतदाता

प्रखंड संसाधन केन्द्र बोचहां। बूथ संख्या 212। पिकनिक सा नजारा। मेले सरीखा उत्सवी माहौल। सबकुछ पिंक रंगों में सराबोर। पिंक पंडाल। यहां तैनात महिला कर्मचारियों के परिधान भी पिंक-पिंक। महिला सशक्तीकरण की नजीर पेश करते इन बूथों का संचालन पूरी तरह महिलाओं के हाथों में रही। विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में छह विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए पिंक बूथों पर अधिकतर में यही नजारा रहा। लेकिन, यहां कोरोना गाइडलाइन के पालन को लेकर सख्ती दिखी। बिना मास्क के आने वाली महिलाओं को लौटा दिया गया।

महिलाओं के लिए बिल्कुल अलग तरह की तस्वीर पेश करते पिंक बूथ पर बच्चों से लेकर बड़ों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी लगे थे। वहीं, नन्हे-मुन्नों के लिए छोटा भीम जैसी आकृति। यानि माताओं के साथ आने वाले बच्चों के चेहरे पर भी मुस्कान। इन पिंक बूथ पर महिलाकर्मियों की मुस्तैदी यह कि जो बिना मास्क के आए, उन्हें लौटा दिया गया। मास्क लाने के बाद ही वोट डालने की अनुमति दी गई। धूप से परेशानी न हो इसके लिए छतरी लगी थी। स्टेज बना था। डॉक्टरों की टीम भी तैनात थी।
12 पिंक बूथों की कमान महिलाओं ने संभाली। कर्मचारी, अधिकारी, सुरक्षाकर्मी-सभी महिलाएं। अक्सर बूथों की लचर व्यवस्था से परेशान होने वाले वोटरों को यहां सुखद अनुभूति प्राप्त हो रही थी।

अन्य समाचार