बिहार चुनाव 2020 में एग्जिट पोल के बाद अब दावों की जंग, जानें क्या कहती है पार्टी और नेता?

बिहार विधानसभा चुनाव के तीन चरणों में संपन्न होने के बाद कई समाचार चैनलों द्वारा कराए गए एग्जिट पोल के नतीजे महागठबंधन को बढ़त देते दिखे। शनिवार को विभिन्न चैनलों पर दिखाए गए इस एग्जिट पोल के सर्वे में बिहार में सत्ता परिवर्तन होता भी दिखाया गया। हालांकि, महागठबंधन के दावे इससे भी ज्यादा बड़ी जीत के किए जा रहे हैं। दूसरी ओर, एनडीए का कहना है कि दावे अक्सर हकीकत से दूर होते हैं। नतीजे आने पर यह फिर साबित हो जाएगा। इसके साथ ही एनडीए नेताओं ने भरोसा जताया है कि राज्य में एनडीए की ही सरकार बनेगी।   

एग्जिट पोल से इतर गरीब बनाएंगे एनडीए की सरकार: जायसवाल  बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण का मतदान समाप्त होने के बाद आए विभिन्न सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल को भाजपा ने नकार दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि गरीब-गुरबा राजनीति में कहीं नहीं हैं। वे एग्जिट पोल में शामिल नहीं होते हैं। मोदी सरकार की योजनाओं से गरीबों को लाभ हुआ है। एग्जिट पोल से इतर गरीब-गुरबा ही बिहार में एनडीए की सरकार बनाएंगे। 
वहीं, एग्जिट पोल से पहले शनिवार को भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने एनडीए को 170 सीटें मिलने का दावा किया। कहा कि तीन-चौथाई बहुमत के साथ बिहार में फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। विपक्षी दलों को बिहार के लोगों ने एक बार फिर नकार दिया है। लालटेन बुझ गई, हाथ लटक गया और लाल झंडा उखड़ गया। लोगों ने पीएम और एनडीए गठबंधन पर भरोसा किया है। विपक्षी दलों की कोई भी चालबाजी काम नहीं आई। उनके वादे और दावे सभी फेल हो गए। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि कोरोना काल में बिहार की जनता ने 2015 की तरह ही मतदान किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, दवाई सहित लोगों को मिली सुविधाओं के कारण लोगों ने एनडीए के पक्ष में जमकर मतदान किया है।  बिहार के लोगों ने एक बार फिर ‘विनाश’ को नकार कर ‘विकास’ को चुना है। मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख व गुरु प्रकाश, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, मीडिया प्रभारी अशोक भट्ट व राजेश झा राजू मौजूद थे।   
नीतीश कुमार के साथ है जनता: मांझी   पटना। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि पहले, दूसरे और तीसरे चरण के मतदान के रुझान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता ने फिर विकास और सुशासन को वोट किया है। जनता पूरी तरह से नीतीश कुमार के साथ है। श्री मांझी ने शनिवार को ट्वीट किया है कि आज मुझे रामविलास पासवान की याद आ रही है, काश वह आज जीवित होते तो चिराग पासवान जैसे युवा का भविष्य इस तरह से खराब नहीं होने देते। 
एग्जिट पोल अपनी जगह, जनता चाहती है बदलाव : महागठबंधन   राजद के राज्यसभा सांसद सह मुख्य प्रवक्ता मनोज झा ने कहा है कि एग्जिट पोल के आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन बिहार के जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता बदलाव चाहती है। लोगों ने बिहार को सड़ी-गली व्यवस्था से बाहर निकालने और नया बिहार गढ़ने के लिए सबसे बेहतर विकल्प तेजस्वी प्रसाद यादव को माना है। 
वहीं, कांग्रेस विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने कहा है कि एग्जिट पोल से बेहतर परिणाम मतगणना के बाद आएंगे। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनेगी। पहला चरण बम-बम रहा। दूसरा महो-महो और तीसरे ने थई-थई कर दिया।शनिवार को महागठबंधन की संयुक्त प्रेसवार्ता में महागठबंधन ने दावा किया कि उनकी सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। राज्य में सरकार ही नहीं बदलेगी सरोकार भी बदल जाएगा। नई सरकार अपने एक-एक वादे पर खरा उतरेगी। जनता से जो भी वादा किया है उसे पूरा करेंगे। 
मनोज झा, प्रेमचन्द्र के अलावा वाम दलों की कविता कृष्णन व अरुण मिश्रा ने साझी प्रेसवार्ता में दावा किया कि बदलाव के संकल्प को जनता ने हाथों-हाथ लिया। अब हर चुनाव में जनता हवाई मुद्दों से अलग अपनी रोजी-रोटी के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती किसानी पर वोट करेगी। प्रेमचन्द मिश्रा ने कहा कि पहली बार किसी चुनाव में विपक्ष ने मुद्दा सेट किया। हमने रोजगार को मुद्दा बनाया तो सत्ताधारी दलों को भी उसी पर आना पड़ा। घोषणापत्र की हर बात अक्षरश: लागू करेगी सरकार। वाम दलों के नेताओं ने कहा कि एनडीए की विदाई लिखी जा चुका है।
परिणाम महागठबंधन के पक्ष में निर्णायक होंगे: दीपंकर   भाकपा -माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा है कि एग्जिट पोल ने भी महागठबंधन को बढ़त दिखाई है। लेकिन, हमें उम्मीद है कि चुनाव परिणाम महागठबंधन के पक्ष में बहुत ही निर्णायक होंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों के खिलाफ यह जनमत है। जनता ने महागठबंधन के एजेंडे पर मुहर लगाई है।
एग्जिट पोल की तर्ज पर ही होंगे नतीजे: चौधरी   पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के अनुमान को सही बताया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है। कहा कि महागठबंधन सरकार बनने जा रही है।
एनडीए की बड़ी जीत तय है: नंद किशोर   भाजपा के वरिष्ठ नेता व मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा है कि चुनाव प्रवास पर दिल्ली से बिहार आए कांग्रेस के नेताओं को अभी बिहार में कुछ दिन और ठहर कर चुनाव परिणाम भी देख लेना चाहिए था। उन्हें देख लेना चाहिए था कि बिहार के लोगों ने अपने अपमान का बदला कैसे चुकाया है। तीन चरण के चुनाव में जनता ने बता दिया है कि एनडीए की बड़ी जीत हो रही है।
जनता ने बदलाव के दिये संकेत: लोजपा   लोजपा ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के तीनों चरणों में हुए मतदान में लोगों ने बदलाव के साफ संकेत दे दिये हैं। दस नवंबर को मतगणना के बाद यह सबके सामने आ जाएगा। पार्टी प्रदेश प्रधान महासचिव डॉ शाहनवाज अहमद कैफी और मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने कहा है कि तीनों चरण में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। मतदाताओं का अपार स्नेह और आशीर्वाद लोजपा प्रत्याशियों को मिला है।     

अन्य समाचार