झारखंड में प्रशिक्षु दरोगा का फंदे से लटकता मिला शव

झारखंड के संथाल परगना अंतर्गत पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाने में पदस्थापित एक प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर रानू कुमार सिंह ने शनिवार को अपने ही क्वार्टर में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। मृतक महाराजगंज थाने के पटेढ़ी निवासी शंकर दयाल सिंह का पुत्र था। घटना के बाद झारखंड पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि रविवार को प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर का दरवाजा बंद था। बंद दरवाजे को देखकर उसके साथियों ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर साथियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच बंद पड़े दरवाजे को तोड़ा। दरवाजा तोड़ने के बाद प्रशिक्षु दारोगा रानू कुमार सिंह का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया। मृत प्रशिक्षु दारोगा का शव बिना पोस्टमार्टम किए हुए अस्पताल में पड़ा हुआ है। जहां पर परिक्षेत्र के डीआईजी, एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारियों का जमावड़ा लगा हुआ है। मालूम हो कि मृत प्रशिक्षु दारोगा के पिता के हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई को रोक दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता झारखंड के लिए निकल गए हैं। पुलिस ने घटना को प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताते हुए घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया है। परिजन इस घटना को संदेहास्पद बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।

प्रशिक्षु दारोगा की मौत के बाद परिजनों पर टूटा दुःखों का पहाड़
प्रशिक्षु दारोगा रानू कुमार सिंह की मौत की सूचना उनके परिजनों को मिली। परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के हृदय विदारक चीत्कार से लोगों की आंखें भी नम हो जा रही हैं। मृतक के पैतृक गांव महाराजगंज के पटेढ़ी में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की मां बबीता देवी रोते-रोते बेसुध हो जा रही हैं। उनकी आंखों से छलकते आंसुओं को देखकर उपस्थित लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं।
क्या कहते हैं एसपी
पाकुड़ एसपी मणिलाल मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। पीओ से जुड़े थाना को घटना से जुड़े हरेक बिंदुओं पर गहराई पूर्वक जांच का निर्देश दिया गया है। जिसपर पुलिस काम कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अनुसंधान में और तेजी लाई जाएगी।

अन्य समाचार