नृत्य प्रस्तुत कर सितारा देवी को श्रद्धांजलि

शहर के महादेवा स्थित शिवादि क्लासिक सेंटर ऑफ आर्ट एंड म्यूजिक में रविवार को पद्मभूषण कत्थक क्वीन सितारा देवी की जन्म शताब्दी पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कथक नृत्यांगनाओं ने शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं द्वारा नृत्य की प्रस्तुति देकर सितारा देवी को श्रद्धांजलि दी। सर्वप्रथम नवोदित नृत्यांगनाओं ने सितारा देवी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए आलेख पाठ किया। कत्थक नृत्यांगना सृष्टि प्रिया और रश्मि श्रीवास्तव ने युगल कत्थक प्रस्तुत किया। सृष्टि व रश्मि ने शिव वंदना, उपज, थाट, आमद, टुकड़े, परण व ठुमरी प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इधर, कत्थक नृत्यांगना प्रज्ञा द्विवेदी ने कहा कि कत्थक क्वीन सितारा देवी नृत्य के आकाश में नक्षत्र की भांति आज भी जगमगा रही हैं। नृत्यांगना पुष्पांजलि ने कहा कि सितारा देवी को रविन्द्र नाथ टैगोर ने कत्थक क्वीन की उपाधि से अलंकृत किया था। नृत्यांगना तनु कुमारी ने कहा कि बतौर महिला कलाकार सितारा देवी ने कत्थक को लोकप्रिय बनाने के लिए बहुत संघर्ष किया। बॉलीवुड की कई मशहूर अदाकारा को सितारा देवी ने नृत्य सिखाया है। इनमें मधुबाला, माला सिन्हा, रेखा व काजोल का नाम उल्लेखनीय है। कई चर्चित फिल्मों में इन्होंने काम किया है। मंच संचालन व धन्यवाद ज्ञापन संस्था की निदेशिका आदित्या श्रीवास्तव ने किया।

अन्य समाचार