होटल में अचेत मिला इंजीनियर, एसकेएमसीएच पहुंचते मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कार्यरत इंजीनियर त्रिपुरारी कुमार शनिवार देर रात सरैयागंज स्थित एक होटल में अचेत मिले। नगर थाने की पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालते में सुधान नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इंजीनियर की पहचान उसके पास से मिले आधार कार्ड से हुई। वह कटरा थाना के धनौर गांव के रहने वाले थे। नगर थानेदार ओमप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारण का पता लग सकेगा।

नगर थानेदार ने बताया कि इंजीनियर करवा चौथ के बाद पांच नवंबर को पत्नी को बगैर बताए रायगढ़ से निकले थे। इसके बाद उनकी पत्नी ने घर पर कॉल कर अपने सास-ससुर को इसकी जानकारी दी। इस पर ससुराल व मायके के लोग रायगढ़ पहुंचे। शनिवार रात उसने परिजनों से बात की और जहर खाने की बात कहीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने नगर थाने की पुलिस को उसके गेस्ट हाउस में होने की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई।
बताया कि देर रात जब पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची तो त्रिपुरारी फर्श पर गिरा था। उसका मोबाइल व कुछ कपड़े भी वहीं पड़े थे। उसे पहले सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से एसकेएमसीएच रेफर किया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया कि उसके परिजन अभी नहीं आए हैं। उनके आने पर गेस्ट हाउस के उस कमरे की तलाशी ली जाएगी। गेस्ट हाउस के मैनेजर ने उसके दो दिन से यहां ठहरे होने की जानकारी दी है।

अन्य समाचार