मझवलिया में अगलगी में नौ घर सहित लाखों की संपत्ति हुई स्वाहा

पंचदेवरी प्रखंड के मझवलिया गांव में सोमवार को अगलगी की घटना में नौ घर सहित लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गई। घटना में दस हजार रुपए नगद के अलावे जेवर,कपड़े,अनाज,फर्नीचर आदि जल कर बर्बाद हो गए। ग्रामीणों ने दमकल गाड़ी दस्ते के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की दोपहर मझवलिया गांव में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते इस आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निपीड़ितों में महंत ततवा, बेलास ततवा, जियछि देवी, सिकंदर ततवा, मुद्रिका मांझी, संतोष मांझी, जुगुल ततवा, रामप्रवेश ततवा, शामिल है। ग्रामीणों ने बताया कि आग में तीन रसोई गैस के सिलेंडर भी फट गए। जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया। सिलेंडर का एक टुकड़ा घटनास्थल से एक सौ मीटर की दूरी पर गणेश सिंह के आंगन में जाकर गिरा। लोगों ने बताया कि स्वर्गीय हवनचल ततवा की बेटी वंदना कुमारी की शादी फरवरी माह में होनी थी। जिसके लिए खरीदारी कर सामान को घर में ही रखा गया था। अग्नि पीड़ित विलास ततवा ने बताया कि बीमारी के इलाज के लिए कर्ज ले कर रखे गए 10 हजार रुपए व घर में रखे सामान जल कर भष्म हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रभारी सीओ प्रियंका कुमारी, पूर्व मुखिया उपेन्द्र मिश्र मौके पर पहुंच कर पीड़ितों का हाल जाना। सीओ ने कहा कि अगलगी में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। जांच के बाद पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

अन्य समाचार