हर्ष फायरिग में युवक को लगी गोली, चल रहा इलाज

संवाद सहयोगी, मोहनियां: बुधवार की रात नगर के एक होटल में शादी समारोह में हर्ष फायरिग के दौरान एक युवक को गोली लग गई। आनन-फानन में स्वजनों ने घायल को डॉ भृगुनाथ सिंह मेमोरियल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर मंटू सिंह ने बताया कि घायल खतरे से बाहर है। उसके जांघ में गोली लगी है। गुरुवार को मोहनियां पुलिस को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस घायल से पूछताछ करने पहुंची। जिसमें मामले का खुलासा हुआ। उसके घर से पुलिस ने कट्टा बरामद कर लिया। इस संबंध में एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि बुधवार की रात मोहनियां के आर्यावर्त होटल में शादी समारोह के दौरान स्टूवरगंज बाजार वार्ड संख्या सात निवासी बाबूलाल मियां का पुत्र मो. तसलीम गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गुरुवार को मोहनियां थाना पुलिस को युवक को गोली लगने की जानकारी हुई। इसकी जांच के लिए थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को निर्देश दिया गया। पुलिस मोहनियां के आर्यावर्त होटल में पहुंची तो पता चला कि रात में यहां शादी समारोह था। जिसमें मो. तसलीम को गोली लगी है। पहले इस मामले को दूसरी तरफ मोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस डॉ भृगुनाथ सिंह मेमोरियल अस्पताल में भर्ती घायल युवक से पूछताछ करने पहुंची। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया की शादी समारोह में वह कट्टा से फायरिग कर रहा था। गलती से गोली उसके जांघ में लग गई। कट्टा को वह घर में छिपकर रखा है। घायल की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से कट्टा बरामद कर लिया। इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार