सिसवन के सरयू नदी घाट छठपूजा के लिए हैं खतरनाक

दीपावली व गोवर्धन पूजा के बाद लोग छठ पूजा की तैयारी में जुट गए हैं। जगह-जगह छठ पूजा को लेकर छठ घाटों की सफाई का काम शुरू हो गया है। कोरोना काल में कार्तिक मास की छठ पूजा पहली बार हो रही है। जिसमें घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती होगी। लेकिन पूजा करने वाले व्रतियों के लिए सरयू नदी के तट काफी खतरनाक हैं। सरयू नदी के तट पर अवस्थित अमूमन सभी घाट खतरनाक हैं। प्रखंड के भागर, गंगपुर सिसवन, माधोपुर, ग्यासपुर, ग्यासपुर मठिया, नवका टोला, साईपुर आदि गांव के लगभग दो दर्जन घाटों पर सरयू नदी तट पर छठ पूजा का आयोजन होता है। जिसमें उगते और डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जाता है। गंगपुर सिसवन के सरयू नदी के शिवाला घाट के अलावा पाण्डेय घाट, मल्लाह घाट काफी खतरनाक हैं। नदी के कटाव के कारण यहां के घाट काफी खतरनाक हो चुके हैं। घाटों पर छठ पूजा कैसे होगी, इसको लेकर लोग चिंतित हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर घाटों को ठीक कर छठ पूजा करने लायक बनाने की बात स्थानीय लोग कह रहे हैं। लेकिन अभी प्रशासनिक रूप से कोई भी पहल शुरू नहीं की गई है। इस संदर्भ में पूछे जाने पर सीओ इन्द्रवंश राय ने कहा कि इस साल भी छठ घाटों पर व्यवस्था की जाएगी। जेसीबी मशीन लगाकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से घाटों को किनारे तक जाने के लिए सुगम बनाया जाएगा। नदी के पानी में बारकेटिंग करायी जाएगी।

छठ घाटों का सीओ ने लिया जायजा
हसनपुरा। प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया गया। यह जायजा सोमवार को सीओ प्रभात कुमार द्वारा लिया गया। जहां छठ घाट की साफ सफाई नहीं हुई है वहां साफ सफाई के बारे में भी जानकारी ली। वहीं सीओ ने कहा कि सुरक्षा की व्यवस्था को ले पानी का जायजा लिया गया। जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। जिस छठ घाट पर पानी अधिक होगा वहां गोताखोर की व्यवस्था की जानी है। यह जायजा अरंडा शिवालय घाट, उसरी सतुआर घाट, खुद्दी बाबा घाट का लिया गया।
छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
बड़हरिया। थाना परिसर में छठ महापर्व को लेकर शांति समिति की बैठक की गई। जिसमे छठ पूजा 20 व 21 नवम्बर को मनाने की बात कही गई। अध्यक्षता थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने की। इसमें छठ पूजा को लेकर अलग-अलग गावों की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया। तमाम छठ घाट पर विशेष चर्चा करते हुए वहां विधि व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। सीओ गौरव प्रकाश ने कहा कि छठ पूजा स्थल पर एक दिन पहले सेनेटाइज कराना है। मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग सहित सरकार के नियमों का पालन अनिवार्य है। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जायेगी। मौके पर एसआई राजेश कुमार, एएसआई शैलेश कुमार सिंह, एसआई संतोष कुमार, पूर्व मुखिया सुनील चंद्रवंशी, वीरेन्द्र प्रसाद, जकरिया खान, बीडीसी प्रेम प्रकाश सोनी, इम्तेयाज अहमद खान, मकसूद आलम, सरपंच हाजी नूर आलम, राजेश गिरि, प्रमोद साह थे।

अन्य समाचार