डोर टू डोर कूड़ा उठाव में कम सफाईकर्मी रहने से परेशानी

नगर में डोर टू डोर कूड़ा का उठाव समय पर नहीं हो रहा है। कोरोना महामारी के दौरान घर से कूड़ा उठाव नहीं होने से लोग परेशान हैं। तेरह वार्ड में डोर टू डोर सर्विस आंशिक रूप से शुरू हुई है। सफाईकर्मी की संख्या कम होने से सभी वार्ड में कूड़ा का उठाव नहीं हो रहा है। लगभग तीन लाख रुपया प्रतिमाह खर्च करने के बाद भी सभी घर तक सफाई कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। नगर के तीन हजार से अधिक घरों से उठाव करना है। जिसके लिए दस से पंद्रह सफाईकर्मी को लगाया गया है। दो सौ घर पर दो कर्मचारी रखने का करार ऐजेंसी के साथ हुआ है। एजेंसी द्वारा दस से पंद्रह कर्मचारी रखकर कूड़ा उठाने की औपचारिकता पूरी की जा रही है। नगर पंचायत द्वारा कम कर्मचारी के बीच कागज पर हीं तीन हजार घर से डोर टू डोर कूड़ा उठाव किया जा रहा है। नगर पंचायत में दो साल पूर्व डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए ऐजेंसी से करार किया गया था। तीन साल का करार ऐजेंसी के साथ हुआ है। शुरुआत में प्रति वार्ड दो सफाई कर्मी को रखे जाने की चर्चा थी। लेकिन दो साल बाद भी सभी घर तक कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। लाखों रुपये खर्च होने पर भी नगर के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।

अन्य समाचार