नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान का छठ महापर्व

जागरण संवाददाता, भभुआ: जोड़े जोड़े नारियर तोहे चढ़इबो ए छठी मैया तोहे चढ़इबो ना आदि गीतों की गूंज से पूरा वातावरण इस समय छठ पर्व के रंग में रंग गया है। बुधवार को नहाय खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व से पूरा वातवरण भक्तिमय बना हुआ है। कैमूर जिले में छठ महापर्व को लेकर लोगों में आस्था काफी अधिक है। इसके चलते कैमूर जिले में छठ महापर्व काफी धूमधाम से मनाया जाता है। कई लोग बैंड बाजा के साथ छठ घाट पर पूरे परिवार के साथ जाते हैं। छठ घाट का ²श्य अद्भूत होता है। जिसे देखने के लिए वे लोग भी जरूर आते हैं जिनके घर छठ पर्व नहीं होता। वे भी छठ घाट पर पहुंच कर छठ मैया से आर्शीवाद प्राप्त करते हैं। बता दें कि बुधवार को छठ महापर्व नहाय खाय के साथ शुरू हुआ। सभी व्रती महिलाएं बुधवार को लउका व भात खाईं। इसके साथ ही व्रतियों ने छठ मैया का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू किया। गुरुवार को पूरे दिन व्रत रख कर महिलाएं शाम में खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद शुक्रवार को अस्ताचल गामी सूर्य को अ‌र्घ्य निवेदित करेंगी। इसके बाद शनिवार को उदयगामी सूर्य को अ‌र्घ्य निवेदित करेंगी। तत्पश्चात हवन पूजन कर व्रत का पारण करेंगी। यानी 21 नवंबर को चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा। चार दिवसीय अनुष्ठान को लेकर सभी घरों में उत्साह है। व्रती महिलाओं द्वारा घरों में छठ मैया का गीत गाने से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। वहीं छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा भी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के सभी प्रखंडों में कई घाटों का वरीय पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। सभी छठ घाटों पर कोरोना के संक्रमण से बचाव की व्यवस्था की गई है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार