Amazon Fire TV डिवाइस पर अब Alexa को कमांड दें हिंदी में

Amazon Fire TV डिवाइसेस पर अब भारत में Amazon Alexa सपोर्ट हिंदी भाषा में प्राप्त होगा। लेटेस्ट अपडेट के साथ यूज़र्स फायर टीवी डिवाइस, जिसमें Fire TV Stick आदि शामिल है पर Alexa से हिंदी में सवाल कर सकते हैं। यह सपोर्ट एलेक्सा पर मौजूदा अंग्रेजी भाषा के अतिरिक्त जोड़ा गया है। अमेज़न ने हिंदी भाषा सपोर्ट के अलावा, फायर टीवी डिवाइसेस पर Alexa Routines में भी विस्तार किया है। यह नई सुविधा भारत के साथ अन्य ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध है, इस सुविधा के साथ यूज़र्स एलेक्सा इंटीग्रेशन का इस्तेमाल करते हुए स्मार्ट होम डिवाइसेस में कई कामों को एग्जिक्यूट कर सकते हैं।

इस अपडेट के बाद अब आप Fire TV डिवाइसेस पर Amazon Alexa से हिंदी भाषा में बात कर सकते हैं। अमेज़न के अनुसार, एलेक्सा पर हिंदी भाषा में आप म्यूज़िक, पर्सनेलिटी, स्मार्ट होम, टाइमर व अलार्म, मौसम, न्यूज़, लोकल सर्च, स्कील जैसे कई फीचर्स का अनुभव ले सकते हैं।
हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस अपडेट के बाद फायर टीवी पर Alexa केवल हिंदी भाषा में कमांड को समझ सकता है। लेकिन यह वॉयस असिस्टेंट हिंदी भाषा में यूज़र्स से बात नहीं कर सकता। ऐसे में आपके हिंदी सवाल का जवाब एलेक्सा अभी भी अंग्रेजी भाषा में ही देगा। यह Amazon Echo डिवाइसेस के हिंदी भाषा सपोर्ट से अलग है।
Gadgets 360 ने इस संबंध में स्प्ष्टता के लिए अमेज़न से संपर्क साधा है, जैसे ही कंपनी जवाब देगी हम इस खबर के जरिए आपको अपडेट करेंगे।
Fire TV यूज़र्स अंग्रेजी से हिंदी भाषा में स्विच करने के लिए सेटिंग्स में जाकर Preferences पर ें यहां आपको Language पर हिंदी भाषा को चुनना होगा। नए यूज़र्स अमेज़न डिवाइस को सेट करते हुए भी हिंदी भाषा का चयन कर सकते हैं।
आपको बता दें, सितंबर महीने में अमेज़न ने एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस पर Alexa app के लिए हिंदी भाषा को जोड़ा था। अमेरिकी कंपनी ने Amazon Echo डिवाइस के लिए हिंदी सपोर्ट पिछले साल सितंबर में पेश किया था।
हिंदी भाषा के अलावा फायर टीवी डिवाइस में Alexa Routines की क्षमता भी पेश की गई है। इससे यूज़र्स फायर टीवी डिवाइस को किसी निश्चित समय पर ऑन करने या स्मार्ट होम डिवाइस को कंट्रोल करने जैसे कई काम कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, आप एलेक्सा रूटिन बना सकते हैं, तो ऐसे में जब भी आप कहेंगे "Alexa, I'm getting a snack" एलेक्सा आपके फायर टीवी कॉन्टेंट को पॉज़ करके स्मार्ट लाइट्स को ऑन कर देगा। इसके अलावा, आप "I'm back" से भी रूटिन बना सकते हैं, तो जब भी आप ये शब्द बोलेंगे, तो स्मार्ट लाइट अपने आप ऑफ हो जाएंगी और पॉज़ कॉन्टेंट प्ले हो जाएगा।
साथ ही आप "Alexa, time for bed" शब्दों का एलेक्सा रूटिन बनाते हुए फायर टीवी डिवाइस को ऑफ करवा सकते हैं और स्मार्ट लाइट्स को कम कर सकते हैं।
Alexa app का इस्तेमाल करते हुए कई रूटिन को सेट किया जा सकता है। अपने एलेक्सा ऐप के रूटिन सेटअप पेज में जाकर आप देख सकते हैं कि कौन-से फायर टीवी डिवाइस आपके रूटिन में शामिल हैं। आप सेटिंग्स फिर TV & Video में जाकर Fire TV में अपने फायर टीवी डिवाइस को एलेक्सा ऐप से लिंक कर सकते हैं।

अन्य समाचार