आगरा एक्सप्रेस-वे पर देर रात हादसा, छठ मनाने जयपुर से बिहार जा रहे दो लोगों की मौत 

छठ मनाने बिहार जा रहे युवकों की कार पारा स्थित आगरा एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकरा कर खाई में पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बिहार गोपालगंज मांझा निवासी कृष्णा यादव (26) जयपुर से बिहार लौट रहे थे। उनके साथ सुभाष (22) और राजेंद्र प्रसाद भी कार में सवार थे। इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह के मुताबिक कृष्णा यादव और उसके साथी जयपुर स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे। छठ के त्योहार में शामिल होने के लिए सभी लोग कार से बिहार जा रहे थे। गुरुवार देर रात एक्सप्रेस-वे से नीचे उतरते वक्त कार बेकाबू हो गई थी। राहगीरों से हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां कृष्णा और सुभाष की मौत हो गई। 

घर पहुंचने की जल्दी में बढ़ाई थी स्पीड ट्रामा सेंटर में भर्ती राजेंद्र प्रसाद के मुताबिक वह लोग जयपुर से गुरुवार की सुबह निकले थे। शाम तक उन्हें लखनऊ पहुंचने की उम्मीद थी। लेकिन रास्ते में काफी वक्त लग गया था। घर पहुंचने की जल्दी थी। इसलिए कृष्णा ने कार की रफ्तार बढ़ा दी थी। एक्सप्रेस-वे ढलान पर वह कार पर नियंत्रण खो बैठा। जिसके कारण बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई थी। 
हे छठी मईया...हमरा तो सबकुछ लुट गया पुलिस ने मोबाइल से कृष्णा और सुभाष यादव के परिवार को हादसे की सूचना दी। कृष्णा के भाई मनोज के अनुसार भाभी आरती छठ की पूजा की तैयारियों में जुटी थीं। देर रात पुलिस ने फोन कर कृष्णा की मौत होने की सूचना दी थी। जिसे सुनते ही आरती बेसुध होकर गिर पड़ी। भाभी को रिश्तेदारों के भरोसे छोड़ कर मनोज लखनऊ पहुंचे। उन्होंने बताया कि छठ का त्योहार मनाने के लिए कृष्णा, सुभाष और राजेंद्र ने दिवाली पर घर आने से मना कर दिया था।  

अन्य समाचार