हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करना बन रहा आफत

किशनगंज। जिले में आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मौत का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा है। असमय काल की गाल गाल में समा जाने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। हालांकि जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी करने के कारण घटित होती है। वहीं आंकड़ों पर अगर गौर करें तो विगत तीन वर्षों के दौरान कुल 194 मृतकों में अधिकांश बाइक सवार लोग शामिल हैं। इनमें से कुछ लोग तेज रफ्तार का शिकार बने तो कुछ बाइक सवार की मौत अन्य वाहनों की चपेट में आ जाने से हो गई। जिले की मुख्य सड़कों की स्थिति बेहतर होने के कारण नवयुवक फर्राटा भरने से बाज नहीं आते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं। हालांकि जिले में शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने के बाद से सड़क हादसों की संख्या में भारी कमी आई है। लेकिन बाइक चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करने का खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ता है।


यातायात नियमों की अवहेलना के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा होता जा रहा है। आंकड़ों पर अगर गौर करें तो विगत तीन वर्षों के दौरान जिले में 268 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई है। इन दुर्घटनाओं में 194 लोग काल की गाल में समा गए। जबकि 327 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से कई लोग तो अब अपाहिज की जिदगी जीने को विवश हैं। आंकड़ों के अनुसार 2018 में जिले में 100 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई थी। इन दुर्घटनाओं में 60 लोगों की मौत हुई और जबकि 140 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 2019 में जिले में घटित कुल 88 सड़क दुर्घटनाओं में 78 लोगों की मौत हुई और 105 लोग घायल हो गए। 2020 में अक्टूबर माह तक जिले में 80 सड़क दुर्घटना घटित हुई। इन दुर्घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई और 82 लोग घायल हो गए। इन सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मृत और घायल बाइक सवार थे।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार