डर के साये में जनप्रतिनिधि, लगातार हो रहीं हत्याएं

मधेपुरा। मधेपुरा के जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है। वे डर के साये में जी रहे हैं। लगातार उनपर हमला हो रहा है। कई जनप्रतिनिधियों की तो हत्या तक हो चुकी है। आधा दर्जन से अधिक जनप्रतिनिधि की अब तक हत्याएं हो चुकी है। दो माह पहले सिंहेश्वर के जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल पर हमला करने पहुंचे बदमाशों ने उनके बड़े भाई अनिल मंडल को गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह मामला शांत ही हुआ था कि 23 नवंबर को शंकरपुर थाना क्षेत्र के जिरवा मधैली पंचायत स्थित मौरकाही चेंगहा के समीप बदमाशों ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विधालय गाढ़ा रामपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामकुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वे पंचायत समिति सदस्य के पति भी हैं। घटना में मृतक के पुत्र दुर्गेश कुमार ने थाना में आवेदन देकर 10 लोगों को नामजद किया है। इससे पहले गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव की हत्या कर दिया गया था। इस तरह की वारदात लगातार हो रही है। उदाकिशुनगंज, चौसा, पुरैनी, बिहारीगंज सहित अन्य प्रखंडों में भी जनप्रतिनिधियों की हत्या की जा चुकी है। चौसा जदयू अध्यक्ष पर भी एक साल पहले जानलेवा हमला किया गया था। उनके ऊपर तीन गोली चलाई गई थी। वे बाल-बाल बच गए थे। राजद नेता निवास चंद्र उर्फ मुन्ना यादव को भी लौआलगान में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे पान खाने चौंक पर आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने चार गोली मारी थी।


अवैध शराब बिक्री के कारण बढ़ रहा विवाद अवैध शराब बिक्री में किसी प्रकार का खलल बर्दाश्त नहीं किया जा रहा है। काम में खलल पर हत्या तक को अंजाम दिया जा रहा है। जोगबनी में गम्हरिया जदयू प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार यादव उर्फ गरजू की हत्या में भी यह बात सामने आई थी। वहीं बिहारीगंज में 14 दिसंबर 2019 बिहारीगंज के सरौनीकला पंचायत के मुखिया बेबी कुमारी के पति राजीव कुमार गुप्ता की हत्या भी बदमाशों ने इसलिए किया था कि उसे मुखिया पति अपराध करने से रोकते थे।
जिले हुई जनप्रतिनिधियों की हत्या व हमला - 23 नवंबर 2020 को शंकरपुर पंसस के शिक्षक पति रामकुमार यादव बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी
- 15 सितंबर 2020 को सिंहेश्वर जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल के भाई को गोली मारकर किया जख्मी -: 11 अगस्त 2020 गम्हरिया के जदयू प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव की हत्या -: 14 दिसंबर 2019 को बिहारीगंज के सरौनीकला पंचायत के मुखिया बेबी कुमारी के पति राजीव कुमार गुप्ता की गोली मारकर हत्या -: 28 अक्टूबर 2019 को उदाकिशुनगंज थानाक्षेत्र के खाड़ा पंचायत के सुखासनी गांव निवासी महिला पंच संजो देवी की गोली मारकर हत्या -: 06 माह पहले राजद नेता निवास चंद्र उर्फ मुन्ना यादव की लौआलगान पंचमुखी चौक पर गोली मारकर हत्या -: एक साल पहले चौसा प्रखंड के जदयू अध्यक्ष मनोज प्रसाद को अरजपुर में मारी गोली, बाल-बाल बचे -: एक साल पहले पुरैनी के नरदह पंचायत के मुखिया पति अनिल यादव की गोली मारकर हत्या
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार