अगलगी में छह झोपड़ियां जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट

सिवान । प्रखंड क्षेत्र के अकोल्ही दलित बस्ती में बुधवार की देर रात हुई अगलगी की घटना में छह झोपड़ियां जलकर राख हो गई। अगलगी की इस घटना में करीब सात लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। साथ ही अगलगी में एक गाय का बछड़ा भी जल गया।

बताया जाता है कि दलित बस्ती में राजेश राम, अरुण कुमार राम, लालबाबू राम के परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। तभी रात्रि करीब 11 बजे अचानक आग की लपटें व धुआं दिखाई दिया। आग की लपटों व धुआं के गुब्बार को देखकर आसपास के लोगों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। आग की लपटें पहले ध्रुव राम के घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण अभी कुछ समझ ही पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस के राजेश कुमार राम, अरुण कुमार राम, लालबाबू राम आदि की झोपड़ियों को भी अपनी आगोश में ले लिया। स्वजनों द्वारा शोर मचाने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और पानी, मिट्टी आदि से आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान ध्रुव राम की पलानी में बंधे बछड़े की आग में झुलसने व धुएं से दम घुटने से मौत हो गई। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि अलाव तापने के बाद राख के ढेर से उड़ी चिगारी से अगलगी की घटना हुई है।

जानकारी के अनुसार अगलगी में 53 हजार नकद समेत बिस्तर, बर्तन, अनाज, कपड़ा, आभूषण समेत सात लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई है। स्थानीय मुखिया किरण देवी और सामाजिक कार्यकर्ता मनोज मांझी ने अग्नि पीड़ितों के बीच खाद्य सामग्री व आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई। साथ ही स्थानीय प्रशासन से उचित सरकारी सहायता मुहैया कराने की मांग की गई। मौके पर जदयू नेता मनोरंजन कुमार पिटू , राजकुमार पासी, ललन चौहान, राजद नेता हरेंद्र पटेल, दशरथ खरवार आदि मौजूद थे। वहीं इस घटना के बाद स्वजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार