मुजफ्फरपुर के कांटी में इंटर के छात्र की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव

कांटी थाना क्षेत्र के रामपुर लक्ष्मी में गुरुवार की देर रात एक इंटर के छात्र की हत्या कर दी गई। छात्र के शव को रेलवे गुमटी के पास ट्रैक पर फेंक दिया गया। मृत छात्र की पहचान रतनपुरा निवासी सरोज सिंह के 19 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है।

कांटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। घटना को बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि छात्र का शव बरामद किया गया है। परिजन के बयान पर केस दर्ज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सुबह में रामपुर लक्ष्मी गुमटी से पूरब रेलवे ट्रैक पर शव देखा। मृतक के सिर के आगे व पीछे गहरा जख्म था। लाश मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान होने के बाद रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जुट गई। इसकी सूचना कांटी पुलिस को दी गई। प्रभारी थानाध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा बनाकर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। करण के परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। करण के पिता किसान हैं और मां आंगनबाड़ी सेविका हैं।
छठ पूजा में घर आया था करण
करण का शव मिलने की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। माता-पिता के साथ परिजनों के क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि करण अपने दादा के साथ कोलकाता में रहकर पढ़ाई करता है। वह इंटर का छात्र है। छठ पूजा में वह कोलकाता से घर आया था। देर शाम लगभग आठ बजे तक वह घर पर था। देर रात तक नहीं लौटने के बाद परिजन चिंतित होकर खोजबीन में जुटे हुए थे। सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
पहले भी रेलवे गुमटी के पास फेंकी गई लाश
ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में कई हत्याएं हो चुकी हैं। आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। करण का शव जहां मिला है उसी के आसपास डेढ़ साल पहले एक अज्ञात लड़की का शव भी हत्या कर फेंका गया था। पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह समेत ग्रामीणों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिजनों को सांत्वना दी।

अन्य समाचार