कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन सख्त

खगड़िया। ठंड के प्रकोप के साथ कोरोना संक्रमण की रफ्तार में वृद्धि हुई है। जिले में बीते 24 घंटे में तीन मरीज मिले हैं। यहां भी अन्य जगहों की तरह ठंड के साथ कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने की संभावना है। वहीं देवोत्थान के बाद अब मांगलिक कार्य आरंभ हो चुका है। शादी- विवाह के साथ अन्य कार्य भी होंगे। जिसमें लोगों को सजगता बरतना और नियम का पालन करना आवश्यक होगा। जिले में बाजार हो या बैंक शाखा या अन्य कोई जगह या यात्री वाहन कोरोना नियम के अनुसार कहीं भी शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं होता है। वहीं हर लोग घर से बाहर निकलने पर मास्क का उपयोग नहीं करते हैं। वैसे बीच- बीच में मास्क को लेकर अभियान चलाया जाता है। परंतु, शारीरिक दूरी का पालन कहीं नहीं हो पाता है। शादी- विवाह का सीजन आरंभ होने से अब ऐसे समारोह में भी भीड़ की संभावना बनी रहती है। वैसे इसे लेकर सरकार के स्तर से नियम जारी किए गए हैं। पर पालन संभव होता नहीं दिख रहा है। जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कहा कि कोरोना का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों को स्वयं जागरूक होना होगा और सरकारी नियमों के साथ कोरोना से बचाव को लेकर सभी नियम का पालन करना होगा। तभी सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए गृह मंत्रालय के द्वारा 31 दिसंबर तक के लिए गाइड लाइन जारी किया गया है। जिसका पालन हर किसी को करना है।


क्या है निर्देश
कोरोना के बढ़ते प्रभाव व शादी- विवाह के सीजन को देखते हुए कई निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत कंटेनमेंट जोन को छोड़ शेष जगहों पर वैवाहिक कार्यक्रमों में सौ से ज्यादा लोग भाग नहीं ले सकेंगे। शादी समारोह में सौ ये ज्यादा लोगों का भाग लेना गैरकानूनी होगा। इसके साथ ही श्राद्ध कार्यक्रम में कोविड-19 के निर्देशों का पालन करते हुए अधिकतम 25 लोग ही भाग ले सकेंगे। इस आदेश का सख्ती से पालन हो इसके लिए गृह विभाग से जिला प्रशासन को निर्देश मिले हैं। त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं समाज के जागरूक लोगों के साथ बैठक आयोजित कर इसकी जानकारी दी जाएगी। डीएम ने कहा कि निर्देश पालन को लेकर हर स्तर से प्रयास किया जा रहा है।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार