सिवान जिले में 40 हजार एमटी धान खरीद का है लक्ष्य

सिवान । जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिले में खरीफ विपणन मौसम धान खरीद वर्ष 2020-21 के लिए 40 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान अधिप्राप्ति वर्ष के लिए सामान्य श्रेणी के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1868 रुपए प्रति क्विटल तथा ग्रेड ए के धान के लिए 1888 रुपए प्रति क्विटल निर्धारित किया गया है। धान खरीद कार्य के लिए जिला अधिप्राप्ति टास्क फोर्स द्वारा जिले के सभी 19 प्रखंडों के कुल 81 केंद्रों का चयन किया गया है। इनमें सात व्यापार मंडल व 74 पैक्स शामिल हैं। इन पैक्सों के माध्यम से किसान निर्धारित दर पर अपने धान का विक्रय कर सकेंगे। जिला आपूर्ति शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीद के लिए राज्य खाद्य निगम को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। किसानों से धान क्रय की कार्रवाई पंचायत स्तर पर पैक्स व प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल द्वारा संचालित क्रय केंद्र के माध्यम से किया जाना है।


31 मार्च तक होगी धान की खरीदारी :
खरीद कार्य 31 मार्च तक किया जाएगा। खरीद किए गए धान से चावल की मिलिग के लिए राइस मिलर द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण किया जाना है। पंजीकरण के बाद राइस मिल का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। राइस मिल के माध्यम से प्राप्त चावल का भंडारण जिला के सीएमआर गोदाम में गुणवत्ता नियंत्रक के परीक्षण के बाद किया जाएगा। सीएमआर प्राप्त करने के लिए 30 जून 2021 तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिला पदाधिकारी अमित कुमार पांडेय द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत धान खरीद एवं सीएमआर प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
पंजीकृत किसान ही कर सकेंगे धान की बिक्री :
जिला आपूर्ति शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसान ही सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना धान बेच सकेंगे। किसानों को नाम पते के साथ-साथ अपनी खेती से संबंधित ब्योरा खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर दर्ज कराना होगा। जो किसान अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कराएंगे, उन किसानों के धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत नहीं की जाएगी। बता दें कि जिले में अबतक 800 किसान धान बेचने के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
17 फीसद से कम नमी पर ही बेंच सकेंगे धान :
सहाकरिता विभाग की बातों पर गौर करें तो धान में 17 फीसद से कम नहीं होने पर ही किसान पैक्स या व्यापार मंडल को अपनी धान बेच सकेंगे। हालांकि अभी किसान धान की कटनी व दवनी में लगे है। बताया जाता है कि धान में अभी 20 फीसद से ज्यादा नमी मौजूद है। अब पाला किसानों के खेमे में सरकार ने डाल दिया है, कि वे धान को सूखा कर नमी को कम करें।
क्या कहते हैं जिम्मेदार :
धान खरीद के लिए सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। सरकार द्वारा धान का न्यून्तम समर्थन मूल्य 1868 रुपये निर्धारित किया है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह से धान की खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए जिले में 71 पैक्स व सात व्यापार मंडल को केंद्र के तौर पर चिह्नित किया गया है।
अभिषेक चंदन, एएसडीएम सह प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिवान।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार