मैरवा से मीरगंज शादी में जा रहे पिता-पुत्र की मौत

शादी समारोह में मीरगंज जा रहे पिता-पुत्र की रविवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना मैरवा-भवानीछापर मार्ग पर हरपुर गांव के समीप हुयी। मृतक थाना क्षेत्र के बहुचक गांव का विक्रम यादव और उसका सात वर्षीय पुत्र शुभम कुमार था। विक्रम की पत्नी आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहुचक गांव में पिता-पुत्र की मौत के बाद कोहराम मच गया है। विक्रम अपनी पत्नी और बच्चे को बाइक से लेकर अपने ससुराल मीरगंज थाने के मदरवानी गांव जा रहा था। भवानीछापर गांव से आगे बढ़ने पर रविवार की देर शाम आठ बजे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उसकी बाइक में धक्का मार दिया। हादसे के बाद विक्रम ने घटनास्थल पर ही तड़पते हुए दम तोड़ दिया। जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतक विक्रम और उसका घायल बेटा सड़क के किनारे पड़ा रहा। मृतक की घायल पत्नी आशा ने सड़क से गुजर रहे लोगों से मदद की अपील की। इसके बाद आसपास की लोगों की मदद से उसे मीरगंज के कोईरीगांवा बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं एक अन्य घायल शिवम को डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गोरखपुर के डॉक्टरों ने फिर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। विक्रम के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को गोपालगंज में किया गया। विक्रम एक निजी वाहन चला घर का खर्च चलाता था। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

अन्य समाचार