जिले में धान अधिप्राप्ति के लिए 868 किसानों ने किया ऑनलाइन आवेदन

छपरा : सारण जिले में धान क्रय की प्रक्रिया में और तेजी लाने के लिए जिला सहकारिता विभाग ने हरसंभव प्रयास शुरू कर दिया है। धान क्रय को लेकर प्रथम चरण में अभी तक 143 पैक्स व आठ व्यापार मंडलों का चयन किया गया है। चयनित पैक्सों को अब बैंक में आवेदन देकर धान क्रय को लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी है। इसमें और ज्यादा पैक्सों की सहभागिता होगी, लेकिन अभी तक 143 पैक्स का ही चयन किया गया है।

इसकी जानकारी देते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी अजय कुमार अलंकार ने बताया कि एक सप्ताह मे धान क्रय की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएगी। नमी यदि मानक के अनुरूप रहा तो एक सप्ताह में धान क्रय शुरू हो जाएगा। इसके लिए 17 फीसद नमी का मानक तय किया गया है। इससे अधिक होने पर वैसे किसानों से धान क्रय नही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी अधिक नमी है, इसके कारण धान क्रय में थोड़ी देरी हुई है। उन्होंने बताया कि डिफॉल्टर पैक्सों की भी सूची जारी कर दी गई है, जिन्हें इस प्रक्रिया से अलग रखा गया है। धान क्रय करने वाले पैक्सों के पास गोदाम व वेइंग मशीन तथा नमी मापक यंत्र का होना अनिवार्य है।

धान अधिप्राप्ति 2020-21 की प्रकिया में शामिल होने के लिए अभी तक सारण जिले में 868 किसानों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया है। इनमें से 554 रैयत किसान व 314 गैर रैयत किसान शामिल हैं। इन किसानों में से पैक्स के माध्यम से धान बेचने के लिए 679 किसानों ने अपनी इच्छा जाहिर कर आवेदन दिया है, जबकि 189 किसानों ने व्यापार मंडल के माध्यम से धान बेचने के लिए आवेदन किया है।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि 868 आवेदनों में से 71 किसानों के आवेदन स्वीकृत भी कर लिए गए हैं। वहीं 797 किसानों के आवेदन सत्यापन के लिए लंबित हैं। उन्होंने किसानों से अपील किया है कि कोई भी किसान बिचौलिए के चक्कर में न पड़ें। सरकार ने जो दर निर्धारित किया है, उसपर दर पर पैक्स या व्यापार मंडल के माध्यम से अपनी धान को बेचें। औने पौने दर पर धान बेचने की जरूरत नहीं है। उन्होंने किसानों से धैर्य रखने की भी अपील की है।
बताते चलें कि धान की कटनी के बाद किसान शादी का मौसम देखकर शीघ्र ही उसे मंडी में पहुंचाने की फिराक में रहते हैं। इसके लिए वे कम दाम पर भी धान बेचने को तैयार हो जाते हैं। इससे किसानों को काफी नुकसान होता है, जबकि बिचौलिए काफी फायदा उठाते हैं। इसी को देखते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी ने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार