सीवान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर लौटे युवक की गोली मार हत्या

जिले के जीबीनगर थाना क्षेत्र के वसीलपुर गांव में शनिवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर लौटे युवक की गोली मार हत्या कर दी। मृतक गांव के मरहूम डॉ.अफाक मियां का 24 वर्षीय बेटा असगर अली था। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर जिला मुख्यालय के चिकटोली मोहल्ले में अपने बहनोई हसीर अहमद के घर रहता था। एक सप्ताह पहले वह गांव आया था। रात में खाना खाकर बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार अपराधियों ने उसे घेर कर गोली मार दी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई की मौत 3 साल पहले कैंसर से हो गई थी। जबकि बीच का भाई विदेश में नौकरी करता है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंच हंगामा शुरू कर दिया है। लोगों का कहना था कि युवक काफी मिलनसार स्वभाव का था। गांव व आसपास उसकी किसी से कोई अदावत भी नहीं थी। ऐसे में लोग घटना का तार जिला मुख्यालय के चिकटोली व आसपास के इलाके से जोड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अधिकांश समय वह जिला मुख्यालय में ही रहता है। ऐसे में किसी से हुए कोई विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। हत्या की  सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी है।

अन्य समाचार