मृत डॉक्टर के बेटे ने स्कॉर्पियो चालक पर दर्ज कराई एफआईआर

बसंतपुर थाना क्षेत्र के बसांव गांव में शनिवार की सुबह सड़क हादसे में मृत डॉक्टर का शव पोस्टमॉर्टम के बाद घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। होमियोपैथ डॉ. देवनारायण ठाकुर बाइक से शुक्रवार की शाम घर लौट रहे थे। इसी बीच सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें रौंद दिया था। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। आक्रोशित लोग बवाल मचाने के बाद दोनों वाहनों को आग के हवाले कर दिए थे। बाद में पुलिस व जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद उग्र लोग शांत हुए थे। शनिवार को घर शव पहुंचते ही पत्नी तेतरा देवी समेत अन्य परिजन शव से लिपट विलाप शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कॉर्पियो गांव का ही है। इस मामले में मृतक के बड़े बेटे विंदेश्वर ठाकुर ने चालक पर तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए पिता को रौंदने का आरोप लगाया है। शुक्रवार की रात में मौके पर मौजूद स्थानीय मुखिया संचय भारद्वाज उर्फ सोनू सिंह ने परिवार के सदस्यों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

मिलनसार स्वभाव की हो रही चर्चा
सड़क हादसे में मृत डॉ.देवनारायण ठाकुर के मिलनसार स्वभाव की चर्चा गांव से लेकर मुख्यालय तक है। सिपाह गांव के इंजीनियर दूधनाथ सिंह ने बताया कि कई लोग बसांव गांव निवासी व पूर्व प्रमुख ओमप्रकाश सिंह की दुकान पर रोजाना बैठते हैं। दुकान पर देवनारायण ठाकुर हमेशा आते थे। वे मौजूद लोगों से काफी गर्मजोशी से मिलने के साथ ही अपने जानने वाले सभी लोगों की जानकारी लेते थे। साथ ही कई प्रेरणादायक बातें भी लोगों से साझा करते थे।
बलथरा गांव में महिला का शव आते मचा कोहराम
बसंतपुर। थाना क्षेत्र के बलथरा गांव में भी सड़क हादसे में मृत महिला का शव पोस्टमॉर्टम के बाद घर पहुंचते ही चारों तरफ मातम पसर गया। परिजन शव से लिपट विलाप शुरू कर दिए। घरवालों को सांत्वना देने लोगों का तांता लगा रहा। महिला धर्मनाथ राय की पत्नी शीला देवी की शुक्रवार को लकड़ी नबीगंज ओपी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं घटना में घायल हुई एक अन्य महिला का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है।

अन्य समाचार