गोली लगने से जख्मी जिप सदस्य के पति पूर्व मुखिया की हालत स्थिर

मधेपुरा। उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के बिहारीगंज थाना अंतर्गत मंजौरा बाजार में सोमवार की देर संध्या बदमाशो ने जिला परिषद सदस्य रीना जायसवाल के पति पूर्व मुखिया अनिल जायसवाल को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसे शरीर में दो गोली बदमाशों ने मारी। रातों रात लोगों ने जख्मी को इलाज के लिए पूर्णिया के मैक्स सात अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उनके शरीर से दो गोली निकाली गई। उनका ईलाज अब भी अस्पताल में जारी है। फिलहाल वहां के चिकित्सकों ने अनिल की हालत स्थिर बताया है। डाक्टर का कहना है कि अब वह खतरे से बाहर है। बिहारीगंज के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पूर्णिया में जख्मी के बयान के इंतजार में हैं। यद्यपि मंगलवार की शाम तक जख्मी का बयान नहीं हो पाया। इस मामले में दूसरे दिन भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है। मामले में थानाध्यक्ष पूरी वाक्या बताने से इंकार किया। उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ सतीश कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई जारी है। यद्यपि उन्होंने भी कहा कि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाया है। प्रक्रिया जारी है। घटना के विरोध में लोगों ने मंगलवार को मंजौरा बाजार बंद करा दिया है। लोग बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे। लोगों का कहना है कि घटना के दूसरे दिन तक पुलिस ठोस नतीजों पर नहीं पहुंच पाया है। बंद की सूचना पर कोई अधिकारी भी स्थल पर नहीं पहुंचें है। बड़ी वारदात के बाद भी वरीय अधिकारी का स्थल पर नहीं पहुंचना सही नहीं है। गौरतलब हो कि सोमवार की देर संध्या जिप सदस्य पति अनिल जायसवाल को बदमाशों ने मार दी। स्थानीय चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है। दूसरे दिन भी वारदात की वजह सामने नहीं आया है। घटना के वक्त अनिल मंजौरा बाजार स्थित अपने कारोबार प्रतिष्ठान के बाहर मोबाइल से बात कर रहे थे। जहां दो मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाश आए और गोली चलना शुरू कर दिया। मौके को भांपते हुए अनिल वहां से भागने लगा। इस दौरान अनिल के शरीर में दो गोली लगी है। एक गोली हाथ और दूसरा गोली कमर के उपर लगने की बात बताया जा रहा है। फायरिग करने के बाद बदमाश वहां से भाग निकला। उसके बाद फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों, कर्मियों और आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। कारोबार स्थल पर से कुछ दूरी पर मंजौरा बाजार में ही उनका घर है। जहां घर से स्वजन भी पहुंचे। आनन फानन में लोग स्थानीय उपचार के बाद अनिल को ईलाज के लिए पूर्णिया ले गए। उल्लेखनीय हो कि अनिल की पत्नी रीना जायसवाल उदाकिशुनगंज प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र से मधेपुरा जिला परिषद के सदस्य हैं। जबकि अनिल 2001 ई और 2006 ई. में लगातार दस साल तक मुखिया रह चुके हैं। वर्ष 2016 में पत्नी जिला परिषद सदस्य बनीं। बहरहाल वारादात को लेकर चर्चाओ का दौर जारी है। मामले में अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है।


डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार