गोपालगंज में दीवार को तोड़ने के दौरान मलबे में दब कर दंपती की मौत

बिहार के गोपालगंज जिले के पटखौली गांव में सोमवार को एक पुराने घर की दीवार गिरने से एक दंपती की मौत हो गई। मृतकों में पचास वर्षीय सरवन साह व उनकी पत्नी राधिका देवी शामिल है। 

बताया जा रहा है कि दोनों पुराने घर की दीवार को तोड़ रहे थे। दीवार के बगल में ईंट उठाने के क्रम में पूरी दीवार गिर गई। जिसके मलबे में दोनों दब गए। ग्रामीणों के सहयोग से सरवन साह को मृत अवस्था में निकाला गया। जबकि राधिका देवी को मलबे से निकाल कर  भोरे के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।  
मृतक सरवन साह दो भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों भाइयों के परिवार में बंटवारा हो चुका था। बंटवारे के बाद पुराने घर को दो भागों में बांट दिया गया था। दोनों भाई अपने-अपने हिस्से की पुरानी दीवार व घर को तोड़ रहे थे। इस हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। दोनों के तीन बच्चे हैं। सभी अविवाहित हैं। एक लड़का घर रहता है। जबकि दो लड़के बाहर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही उनका बड़ा पुत्र घर पहुंच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

अन्य समाचार