पूर्णिया के केंद्रीय कारा में बंद बांग्लादेशी नागरिक की मौत

पूर्णिया। केंद्रीय कारा पूर्णिया में बंद बांग्लादेशी नागरिक मो. तौफिक की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान भागलपुर में हो गई। भागलपुर स्थित जेलएलएनएमसीएच में 12 दिनों से उसका इलाज चल रहा था।

वह अपनी सजा पूरी कर अपने वतन लौटने के इंतजार में था, लेकिन इसके पहले ही उसने दम तोड़ दिया। वह करीब दस साल से केंद्रीय कारा पूर्णिया में था। 2010 में उसे केनगर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। विदेशी अधिनियम के तहत वर्ष 2013 में उसे तीन वर्ष की सश्रम सजा सुनाई गई थी, लेकिन अर्थदंड नहीं देने के कारण तीन माह और अधिक सजा हुई थी। सजा पूरी करने के बाद वे केंद्रीय कारा स्थित संसीमन केंद्र में संसीमित बंदी के रूप में जेल में था।

केंद्रीय कारा अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि नवंबर 2020 में उसे सारी कानूनी प्रक्रिया के तहत बीमार होने पर सदर अस्पताल पूर्णिया भेजा गया था। स्वास्थ्य स्थिति सही नहीं होने पर मेडिकल बोर्ड के निर्देश पर बेहतर उपचार के लिए 5 दिसंबर 2020 को भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच भेजा गया था। वहां उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि दंडाधिकारी की मौजूदगी में भागलपुर में पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जाता है कि संसीमन केंद्र में बंद मृतक 56 वर्षीय मो. तौफिक कई बीमारी से ग्रसित थे। लगातार उसका इलाज चल रहा था।
72 घंटा तक सुरक्षित रखा जाएगा शव::
मृतक बांग्लादेशी नागरिक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। जानकारी देते हुए कारा अधीक्षक ने बताया कि मामले की जानकारी बांग्लादेशी एंबेसी को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। जेल मेनुअल के अनुसार अगर 72 घंटे तक शव के पहचानकर्ता नहीं पहुंचेंगे तो उसका दाह संस्कार किया जाएगा।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार