पत्नी के उकसाने पर बेटे ने पिता के सिर में मारी गोली, एक माह बाद केस दर्ज

सीतामढ़ी। नगर थाना के बरियारपुर गांव में एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। अपनी पत्नी और बेटा ही किसी की जान का प्यासा हो जाएगा यह बात सहसा यकीन नहीं होता। मगर, नगर थाने में दर्ज एक केस में ऐसा ही जिक्र सामने आया है। पत्नी और बेटे ने मिलकर पहले उस शख्स को मारा पीटा। फिर बेटे ने पिता के सिर में गोली मार दी। एक माह बाद इस मामले में उस शख्स ने अपनी पत्नी व बेटे पर प्राथमिकी दर्ज कराई तो पुलिस भी हैरत में पड़ गई। नगर थाना प्रभारी विकाश कुमार राय ने बताया कि सहदेव सिंह द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लेने की बात उन्होंने कही। पुलिस के अनुसार, सहदेव सिंह 26 जनवरी को जख्मी हो गए थे। उनके सिर में गोली लगी थी। सहदेव का अब कहना है कि उनके पुत्र रौशन कुमार व पत्नी प्रभावती देवी ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, घटना के दिन पुलिस के पूछने पर उन्होंने दोनों को बचा लिया। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उनके पुत्र व पत्नी दोनों नहीं चाहते कि वह घर में रहें। घर से निकल जाने के लिए बराबर दबाव बनाते रहते थे। इस बात के लिए उन लोगों में कहासुनी होती रहती थी। इसी बीच 26 नवंबर की रात उनके पुत्र व पत्नी ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। विरोध करने पर पुत्र ने सिर में गोली मार दी। जिससे वह जख्मी हो गए। इलाज के लिए शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद अब ठीक हुए हैं तो दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार