नववर्ष में हर क्षेत्र में परचम लहराएंगी जिले की महिलाएं

राकेश मिश्रा अररिया: आज की महिलाएं सिर्फ घर गृहस्थी को संभालने तक ही सीमित नहीं रही हैं। बल्कि हर क्षेत्र में उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। व्यावसायिक क्षेत्र हो या पारिवारिक। महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि वे हर वो काम कर सकती हैं जो कभी पुरुषों के योग्य समझा जाता था। कुछ समय पहले तक जिन व्यवासायिक क्षेत्रों में केवल पुरुषों का ही वर्चस्व हुआ करता था। अब वहां महिलाओं को काम करते देखकर हमें आश्चर्य नहीं होता है। शिक्षा और आत्म-निर्भर बन जाने के कारण वह अपने ऊपर विश्वास कर, अपने जीवन संबंधी निर्णय लेने लगी है। नववर्ष में महिलाओं को और सशक्त बनाने के लिए कई कार्ययोजना बन रही है। वही घरेलू महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयत्न किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं के कानूनन अधिकार, घरेलू हिसा से छुटकारा आदि के लिए भी तमाम कवायद किये जा रहे है।

चार दिवसीय महा अष्टयाम संकीर्तन का समापन यह भी पढ़ें
पंचायत चुनाव से समाज का प्रतिनिधित्व करेंगी महिलाए- हाल के चुनाव में महिलाओं ने मतदान में जिस जज्बे से हिस्सेदारी निभाई और भारी बहुमत से महागठबंधन की सरकार बनाने में भूमिका निभाई है। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में इस बार पंचायत चुनाव में आधी सीटों पर महिलाओं को चुनाव लड़ना है। जिला प्रशासन इसके लिए व्यापक रूप से तैयारी कर रहा है।
जिले में वन स्टॉप सेंटर की स्थापना से महिलाओं को मिलेगा बल- नववर्ष में जिला मुख्यालय में महिला वन स्टॉप सेंटर की स्थापना की जायेगी। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा जमीन चिन्हित किया जा रहा है। जमीन चिन्हित करने के तुरंत बाद सेंटर निर्माण की दिशा में कार्य किया जायेगा। इस सेंटर में 24 घंटे महिलाओं की मदद के लिए कर्मचारी, अधिकारी मौजूद होंगे। सेंटर के माध्यम से घरेलू हिसा से पीड़ित महिलाएं या महिलाओं से जुड़ी किसी अन्य समस्या पर तुरंत कार्यवाही की जायेगी। सेंटर में महिला चिकित्सक, नर्स, काउंसलर, एम्बुलेंस और ऐसी सभी सुविधा मौजूद होगी जिसके माध्यम से महिलाओं की अविलंब सहायता की जायेगी।
जुडो कराटे और मार्शल आर्ट से सशक्त बनेगी बेटियां- नववर्ष में जिले के सभी स्कूलों में मार्शल आर्ट और जुडो कराटे की ट्रेनिगं अध्यनरत छात्रों को दिलाकर उन्हें सशक्त बनाने की कार्ययोजना बन रही है। जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार ने बताया कि नव वर्ष में जिला के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्यनरत छात्राओ को मार्शल आर्ट की ट्रेनिगं दी जायेगी।
महिला साक्षरता योजना से साक्षर बनेगी महिलाएं- गांव और छोटे कस्बों में महिलाओं का साक्षर न होने से बहुत सारी समस्याओं का जन्म होता है। साक्षरता के आभाव में वे अपने कानूनन अधिकारों को भी समझ नही पाती। नववर्ष में इस समस्या के अंत के लिए सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।
गांव गांव पहुंचकर बालिकाओं को बनाया जाएगा सक्षम -
बिहार सरकार द्वारा राज्य के पांच जिलों को सक्षम बिटिया अभियान के लिए चिन्हित किया गया है। जिसमे अररिया जिला भी एक है। जिले के गांवो में रहने वाले बेटियो के शक्तिकरण के लिए ये काफी अहम है। अब उन्हें गांव में ही कार्यशाला आयोजित कर रोजगारपरक शिक्षा, सोशल अवेयरनेस, फिजीकल अवेयरनेस के विषय मे प्रशिक्षित किया जाएगा। दरअसल कोरोना काल में सरकार द्वारा ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा दिया गया है। मगर एनएफएच् सी के ताजा आकंड़ों के अनुसार राज्य की केवल 17 प्रतिशत बालिका ही एंड्रॉयड ़फोन का इस्तेमाल करती है। ऐसी परिस्थिति में ऑनलाइन शिक्षा का सफल होना काफी मुश्किल प्रतीत हो रहा था। जिसके बाद राज्य सरकार द्वारा गांव में ही कार्यशाला के अंतर्गत बालिकाओ को प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया है। योजना अंतर्गत टोला सेवक, तालमी मरकज और जिले के चिन्हित स्नातक उतीर्ण छात्राओं को प्रशिक्षण देकर ट्रेंड किया जायेगा फिर उसके बाद गांव, गांव जाकर प्रत्येक सप्ताह कार्यशाला का आयोजन कर बेटिया को सक्षम बनाया जायेगा। जानकारी देते हुए नीति आयोग के कुमार आशुतोष ने बताया कि सक्षम बिटिया अभियान जिले के छात्राओं के लिए काफी अहम होगा और इससे काफी बदलाव भी आयेगा।
बेटी के जन्म, छात्रवृति, साइकिल योजना का दायरा होगा विस्तारित- नव वर्ष में बालिकाओ को जन्म पर मिलने वाले प्रोत्साहन राशि, बालिका को मिलने वाली साइकिल योजना, मैट्रिक और स्नातक में मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का व्यापक स्तर पर प्रचार- प्रसार किया जायेगा। ताकि अधिक से अधिक बालिका इसका लाभ ले सके। साथ ही महिला सशक्तिकरण के दिशा में एक बेहतर माहौल तैयार हो सकें। जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच द्वारा पिछले दिनों बैंक कर्मियों के साथ आहूत बैठक में बेटियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को और सुलभ बनाने का निर्देश दिया गया था साथ ही मौजूद अधिकारियों को इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार