छपरा: ट्रक व टेंपो के बीच भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल

छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर गड़खा थाना क्षेत्र के जसोसती के पास ट्रक व टेंपो के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों गाड़ियों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में टेंपो चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टेंपो पर पॉल्ट्री फॉर्म में ले जाने के लिए मुर्गी के चूजे लदे थे। हादसे का पता चलते ही गड़खा पुलिस के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। 

मृतकों की पहचान अवतारनगर थाना क्षेत्र के मनोहर बसंत गांव निवासी रामजी सिंह के 45 वर्षीय पुत्र टेंपो चालक गंगा सिंह और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी शिवमुनि भगत के 50 वर्षीय पुत्र राजू भगत के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उसकी पहचान नूनू यादव के रूप में हुई है। वह होमगार्ड है और गड़खा थाने में पदस्थापित है। हादसे के बाद मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसा कितना भयानक था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद टेंपो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
तेज गति होने की वजह से हुआ हादसा बताया जा रहा है कि ट्रक की गति तेज होने के कारण यह सड़क हादसा हुआ है। ट्रक गड़खा की तरफ जा रहा था जबकि टेंपों बसंत से छपरा की तरफ जा रहा था। इसी बीच उक्त स्थान के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने टेंपो को चकमा दे दिया। उस ट्रक के ठीक पीछे दूसरा ट्रक था जिससे टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे के समय ट्रक की गति काफी तेज थी। हादसे के समय कुहासा भी नहीं था। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में मुर्गी के चूजे बिखरे पड़े थे। 
ऑटो चलाकर चलाते थे परिवार की जीविका   गंगा सिंह ऑटो चलाकर अपने परिवार की जीविका चलाते थे। सोमवार की सुबह टेंपो पर चूजे और दाना को लोड कर मांझी पॉल्ट्री फॉर्म में ले जा रहे थे। रास्ते में टेंपो पर दो पैसेंजर भी सवार हो गए। होमगार्ड जवान नूनू यादव और राजू भगत को छपरा जाना था। दोनों अपने-अपने घर जा रहे थे। राजू गड़खा अस्पताल में कार्यरत अपने संबंधी से मिलकर शिवपुर स्थित घर लौट रहे थे। चालक व दोनों टेंपो सवारों को भला क्या पता था कि आगे उनका मौत इंतजार कर रही है, लेकिन नियति को भला कौन टाल सकता है। 
हादसे के बाद दो परिवारों में मचा कोहराम इस हादसे में दो लोगों की मौत के बाद से दो परिवारों में कोहराम मचा है। मनोहर बसंत और शिवपुर दोनों गांवों में मातम का माहौल था। लोगों की जैसे ही हादसे की जानकारी मिली तो सभी मृतक के घर हिम्मत बंधाने पहुंचे, लेकिन वहां परिजनों को रोते-बिलखते देख लोगों की आंखें भर आई। मृतक गंगा सिंह की पत्नी रीमा देवी दहाड़ मार कर रो रही थी। वह बार-बार यही कह रही थी कि अब वह किसके सहारे जिंदा रहेगी। पुत्र सुमित सिंह, पुत्री प्रिया कुमारी का भी रो रो कर बुरा हाल था। राजू भगत की पत्नी आरती देवी के आंसू भी रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। लोगों ने बमुश्किल परिजनों को संभाला। 

अन्य समाचार