सेवा से बर्खास्त किए गए दो सिपाही

जागरण संवाददाता, सुपौल: पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने दो सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। ये सिपाही दीपक कुमार झा व सुफल सोरेन है। इन दोनों के खिलाफ हत्या के मामले में विभागीय कार्रवाई हुई थी। जिसमें दोनों को दोषी पाया गया। दरअसल सुपौल जिले में पदस्थापन के दौरान सिपाही दीपक कुमार झा 1 दिसम्बर 2016 को अवकाश ले प्रस्थान किया था। उसके अवकाश के दौरान ही 4 दिसम्बर 2016 को सुपौल जिला अल्पसंख्यक कार्यालय में पदस्थापित शंकर झा की हत्या हो गई थी। इसे ले सहरसा में थाना कांड संख्या-1009/16 दर्ज किया गया और सिपाही दीपक कुमार झा को इस हत्या कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में चिन्हित किया गया। उक्त कांड में इसके विरुद्ध आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है। विभागीय कार्रवाई संचालन के क्रम में इसे दोषी पाया गया, जिसके कारण आरोपों की गंभीरता को देखते हुए इस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। वहीं, सिपाही सुफल सोरेन को अन्य सिपाहियों के साथ 7 दिसम्बर 2016 को अररिया लोकसभा उप चुनाव में फारबिसगंज भेजा गया था। उसी दौरान सिपाही प्रेम सिंह की हत्या गोली मार कर दी गई थी। इस बाबत उक्त सिपाही के विरुद्ध फारबिसगंज थाना में 154/18 दर्ज किया गया। मामले में उक्त सिपाही के विरूद्ध आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है। उक्त आरोप को ले सुफल के विरुद्ध संचालित विभागीय कार्रवाई में उसे दोषी पाया गया। तत्पश्चात उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।


शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार