विवाहिता की हत्या कर गायब किया शव

पूर्णिया। रूपौली दक्षिण पंचायत के वार्ड 01 स्थित उरांव टोला में एक विवाहिता की हत्या कर लाश को गायब कर देने के मामले में मृतका के भाई ने कुल नौ लोगों पर जानकीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें से पुलिस ने आरोपी पति दिनेश उरांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शव का पता लगाने के लिए सरसी से गोताखोर भी मंगवाया गया और उक्त पंचायत के 200 आरडी के समीप जेबीसी नहर में गोताखोरों ने शव को ढूंढने की भरसक कोशिश की, किंतु पता नहीं चला।

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार मृतका उरांव टोला निवासी दिनेश उरांव की पत्नी थी। घटना का कारण पारिवारिक झगड़ा झंझट बताया जा रहा है। घटना को लेकर लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि पारिवारिक विवाद को लेकर ही यह घटना घटी है। यह आत्महत्या है अथवा हत्या, इसको लेकर सस्पेंस बरकरार है। बहरहाल शव की बरामदगी एवं शिनाख्त के बाद ही इस तथ्य का पर्दाफाश हो सकता है। पुलिस शव की बरामदगी को लेकर ए़ड़ी चोटी एक किए हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश करने में जुटी है। घटना की सूचना पर रूपौली थाना क्षेत्र से पहुंचे मृतका के परिजनों ने गिरफ्तार आरोपी पति सहित कुल नौ लोगों पर हत्या कर शव को गायब कर देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतका के भाई जितेंद्र उरांव का कहना है कि ससुराल वालों ने उनकी बहन की हत्या कर शव को गायब कर दिया है। थाना पहुंचे पीड़ित परिजनों ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामचंद्र मंडल ने घटना के बारे में पूछताछ करते हुए आरोपी पति दिनेश उरांव को हिरासत में लेकर थाना लाया। जहां से मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में पूर्णिया भेजा दिया है।

दूसरी ओर पुलिस के द्वारा मृतका के शव को खोजने का सिलसिला जारी है। थानाध्यक्ष मंडल ने बताया कि सोमवार एवं मंगलवार को भी जेबीसी नहर में शव को खोजने का प्रयास किया गया।देर शाम तक गोताखोर भी उक्त नहर में शव को ढूंढते रहे, किन्तु समाचार प्रेषण तक शव का पता नहीं चल सका था। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार