अजय जलाशय की बोली लगी 11.30 लाख

जमुई। मत्स्य पालन के लिए जलाशयों की नीलामी में मंगलवार को चकाई के अजय जलाशय की अप्रत्याशित बोली लगी। आखिरी बोली 11.30 लाख लगाकर मोकामा के रामविलास साहनी ने जलाशय अपने नाम कर लिया। इसके अलावा अन्य चार जलाशयों की नीलामी में कुछ खास नहीं रहा और न्यूनतम डाक की राशि में ही बंदोबस्ती हो गई।

बताया जाता है कि जलाशयों की बंदोबस्ती में सेटिग गेटिग की बू आ रही है। हालांकि विभाग द्वारा नियमानुसार नीलामी की तिथि के प्रचार प्रसार किए जाने की बात कही जा रही है। बहरहाल मंगलवार को लघु सिचाई प्रमंडल कार्यालय में आयोजित नीलामी प्रक्रिया में अजय जलाशय के लिए सात लोगों ने बोली लगाई। 49वीं बोली में जलाशय बंदोबस्त किया गया। बंदोबस्ती में उच्चतम डाक वक्ता रामविलास सहनी के अलावा जन्मोजय, राजेश यादव, मनोज मुर्मू, विनोद पांडे, चंदन कुमार पांडे एवं आत्मा प्रसाद सिंह शामिल थे। इसके पहले अजय जलाशय 2.40 लाख में बंदोबस्त हुआ था। इस दफे अजय जलाशय के लिए न्यूनतम डाक की राशि 3,12,000 निर्धारित की गई थी। इसके विपरीत कदमा जलाशय न्यूनतम डाक की राशि 94,000 के विरुद्ध 96,000 में दिवाकर मंडल के नाम हुआ, जबकि सोनो का परमनिया जलाशय न्यूनतम राशि 1.40 लाख के विरुद्ध 1,42,500 में मनोज मंडल ने अपने नाम किया। अंगना पत्थर और चरको आहर की भी कुछ यही स्थिति रही। जिसकी न्यूनतम बोली की राशि छह-छह हजार के विरुद्ध 7300 तथा 7100 में अजय कुमार यादव के नाम बंदोबस्त हुआ। नीलामी प्रक्रिया के दौरान कार्यपालक अभियंता ईं. शिवकुमार प्रसाद एवं सहायक अभियंता प्रवेश कुमार मौजूद थे।
नामांकन के आखिरी दिन 439 अभ्यर्थियों ने भरा पर्चा यह भी पढ़ें
--------
बॉक्स
आगरा और घुटिया जलाशय की बंदोबस्ती आज
बुधवार को सोनो प्रखंड अंतर्गत बाघमारा पोखर तथा बलहबा आहर और चकाई प्रखंड अंतर्गत आगरा जलाशय और घुटिया जलाशय की बंदोबस्ती होगी। गुरुवार को सोनो प्रखंड के सुगिया आहर और दीवान आहर की नीलामी की तिथि निर्धारित है। झाझा के कुम्हैनी जलाशय योजना की बंदोबस्ती की तिथि पांच फरवरी निर्धारित की गई है।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

अन्य समाचार