गया में खिली धूप से शहरवासियों को सुकून, लेकिन पांच और छह फरवरी को हल्की बारिश के आसार

जागरण संवाददाता, गया। गया जिले में बीते 48 घंटों के भीतर मौसम में थोड़ी गर्माहट महसूस हुई है। बीते 2 दिनों से खिली-खिली हुई धूप लोगों को सुकून दे रही है। दिन का तापमान ऊपर चढ़ने से ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, शाम ढलने के बाद ठंड और कनकनी उसी तरह से आम शहरवासियों को परेशान करती है।

मौसम के पूर्वानुमान में पांच और छह फरवरी को गया जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश अथवा बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों के दौरान गया में मौसम शुष्क रहा। दिन के तापमान में वृद्धि हुई। जबकि रात के तापमान में भी थोड़ी बहुत बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का तापमान सामान्य बना हुआ है। जबकि रात का तापमान अभी भी सामान्य से चार से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे है।
वातावरण में अधिकतम 86 फीसद और न्यूनतम 53 फीसद नमी दर्ज की गई। अभी भी हवा उत्तर पश्चिम से चल रही है। गुरुवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। गया जिले के मौसम विज्ञानी डॉ. जाकिर हुसैन ने कहा कि दिन का तापमान थोड़ा ऊपर चढ़ने से लोगों को गर्मी से ठंड से राहत मिली है। हालांकि उन्होंने कहा कि सम्भावित बारिश होने के बाद थोड़ी बहुत ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले तीन से चार दिनों में जिले का न्यूनतम तापमान आठ से नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अन्य समाचार