जलकर्मियों की मनमानी... 25 दिनों से 75 घरों में नहीं दे रहा पानी की सप्लाई, अब सड़क पर प्रदर्शन करेंगे गांव के लोग

जागरण संवाददाता, भागलपुर। अकबरनगर थाना क्षेत्र के पूर्वी टोला गांव के वार्ड सात में पाइप लाइन फटने के कारण पिछले 25 दिनों से 75 घरों में पेयजलापूर्ति ठप है। जिसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नही पाइप फटने के बाद मरम्मत के बजाय जलकर्मी द्वारा क्षतिग्रस्त पाइप को बंद कर दिया गया। जिससे पानी सफ्लाई नही होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। वार्ड में पेयजल आपूर्ति रोजाना सुबह शाम बाधित होने से पानी के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

दूसरे जगहों से लोगों को लाना पड़ता है पानी
जलापूर्ति नही होने के कारण लोगों को दूसरे जगह से पानी लाना पड़ रहा है। खासकर महिलाएं को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति न होने से उपभोक्ता परेशान होते हुए विभाग को कोसते रहते है। ग्रामीण रविन्दर कुमार यादव, नितीश कुमार, राधे कृष्ण शर्मा, दिनेश यादव, पप्पू यादव व दिलीप यादव ने बताया कि शायद ही कोई ऐसा सप्ताह हो जो लगातार पानी की आपूर्ति सुचारु रुप से की गई होगी, कभी मोटर खराब, तो कभी मशीनरी खराब को दिखाकर पानी की आपूर्ति बंद हो जाती है।
संबंधित अधिकारियों को भी कराया अवगत
इसके लिए कई बार सम्बंधित अधिकारियों को अवगत कराया है। लेकिन इस दिशा में कोई पहल नही हो रही है। जगह जगह पाइप क्षतिग्रस्त होने से सड़कों और पानी बह रहा है। जिसके कारण सड़क में बढ़े बढ़े गढ्ढे हो गए है। लोगों ने पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने को विवश होंगे। इस संबंध में जेई दिनेश कुमार ने बताया कि पाइप काफी पुराना होने के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है पूरे पाइप को बदलने के लिए एचडीपी (हार्ड डेंसिटी पाइप) मंगवाया जा रहा है। पाइप आने के बाद पूरे लाइन की मरम्मत की जाएगी। जिसके बाद पेयजलापूर्ति शुरू होगी।

अन्य समाचार