आरा-बलिया के बीच नई बड़ी रेललाइन का होगा सर्वे, बिहार के लिए रेलवे ने दिया 5150 करोड़

पूर्व मध्य रेल में चल रही प्रमुख परियोजनाओं के लिए बजट में फंड का अलॉटमेंट कर दिया गया है। नई लाइन में मुख्य रूप से नेउरा, दनियावां, बरबीघा, शेखपुरा की 121 किमी लाइन के लिए 150 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

वहीं, पटना में रेल सह सड़क पुल (19 किमी) के लिए 50 करोड़ रुपए जारी हुए हैं। किऊल-गया लाइन दोहरीकरण (124 किमी) के मद में 250 करोड़ जारी किए गए हैं। हाजीपुर-बछवाड़ा दोहरीकरण (72 किमी) के मद में 180 करोड़ जारी हुए हैं। रेल मंत्रालय की ओर से आरा से बलिया के बीच नई रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी मिलने से भोजपुर इलाके के लाखों लोगों का संपर्क यूपी से जुड़ने की आस बंध गई है।
यातायात सुविधा के तहत पूर्व मध्य रेल के बिना चौकीदार वाले 120 समपार फाटक पर अब चौकीदार की नियुक्ति की जाएगी। सड़क संरक्षा कार्य (समपार) के लिए 74 करोड़ का आवंटन हुआ। वहीं, ऊपरी व निचली सड़क पुल के लिए 153 करोड़ पूरे जोन में जारी हुए हैं। वहीं, इस वर्ष के मार्च तक निर्मली सरायगढ़ नई लाइन परियोजना के पूरे होने का दावा किया गया है। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया है कि रेल बजट में इस बार पूमरे को 4843 करोड़ मिले हैं। वहीं मुकम्मल तौर पर पूरे बिहार के लिए 5150 करोड़ का बजट जारी हुआ है।
आरा से बलिया के बीच रेललाइन का होगा सर्वे इस बार के बजट में आरा से बलिया तक 65 किमी वाली प्रस्तावित नई बड़ी रेललाइन के लिए सर्वे कार्य की स्वीकृति मिली है। इस रेललाइन से भोजपुर के इलाके का संपर्क सीधे उत्तरप्रदेश से जुड़ जाएगा। इससे लोगों को अब बक्सर या छपरा होकर बलिया जाने की समस्या से भी छुटकारा मिलेगी। बिहार में अभी 5267 किमी की नई रेल लाइन, आमान परिवर्तन, दोहरीकरण परियोजना से जुड़े कुल 57 परियोजनाओं पर काम होगा।

अन्य समाचार