खेलो इंडिया के तहत पंडौल में पांच खेलों के लिए बनेगा स्टेडियम, 30 करोड़ होंगे खर्च

मधुबनी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की खेलो इंडिया पार्ट-2 योजना के तहत पांच खेलों के लिए प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण होना है। आरएन कॉलेज में सिथेटिक ट्रैक युक्त एथलेटिक्स स्टेडियम, उच्च विद्यालय मैदान में मल्टीपर्पस हॉल एवं फुटबॉल मैदान और अंचल कार्यालय परिसर में सिथेटिक हॉकी मैदान एवं स्विमिग पूल का निर्माण किया जाना है। इन चयनित स्थलों का निरीक्षण स्थानीय विधायक समीर कुमार महासेठ ने किया। उनके साथ जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित, सीओ पंकज कुमार, पंडौल थानाध्यक्ष अनोज कुमार भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की खेलो इंडिया पार्ट-2 एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिसके तहत मधुबनी जिला में उपलब्ध खेल अवसंरचना के उन्नयन एवं आधुनिक खेल अवसंरचना का विकास किया जाएगा। सात करोड़ की लागत से सिथेटिक ट्रैक युक्त एथलेटिक्स स्टेडियम का निर्माण होगा। करीब पांच करोड़ 50 लाख की लागत से सिथेटिक हॉकी मैदान बनेगा। करीब पांच करोड़ की लागत से सिथेटिक फुटबॉल मैदान और करीब पांच करोड़ की लागत से स्विमिग पूल बनेगा। आठ करोड़ की लागत से मल्टीपर्पस हॉल बनेगा। खेल सुविधाओं व खेल अवसंरचना के जिला स्तर पर विकास होने से प्रतिभावान व नवोदित खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त होगा। उक्त योजना केंद्र सरकार से शत-प्रतिशत अनुदानित है। खेलो इंडिया योजना का मुख्य उद्देश्य पूरे देश में खेल को प्रोत्साहित करना है। जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने कहा कि सिथेटिक एथलेटिक धावक पथ में आठ लेन, लांग जंप, हाई जंप, हैमर थ्रो ,जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, पोल वॉल्ट, ट्रिपल जंप आदि सुविधा युक्त रहेगा। वाटर जंप के साथ स्टेपल चेज ट्रैक सुविधा, सीसी कवर के साथ आरसीसी नाली की भी सुविधा रहेगी। सिथेटिक हॉल में नलकूप शौचालय ब्लॉक, आरसीसी नाली, विद्युत कार्य सहित पंप रूम निर्माण आदि की सुविधा रहेगी।

अन्य समाचार