Bihar Crime: अहियापुर में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर दो भाइयों की हत्या, हत्यारों ने हाथ-पैर बांधकर शव अलग-अलग जगहों पर फेंके

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश में रिश्ते के दो भाइयों की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने इनके हाथ-पैर बांधकर शव तीन किमी की दूरी पर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए थे। दोनों की हत्या एक ही तरीके से गई थी। गले को तार से घोंट दिया गया था। शरीर पर चाकू के गोदने से कई जख्म थे। बड़ा जगन्नाथ के रहने वाले मृतक 20 वर्षीय राजा कुमार व 16 वर्षीय दीपक कुमार के शव को गुरुवार को पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर कब्जे में लिया।

देर शाम दीपक के पिता व राजा के मामा राजू पासवान ने एसकेएमसीएच जाकर पहचान की। उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें बड़ा जगन्नाथ के ही राहुल कुमार व पंकज को आरोपित किया गया है। दोनों आरोपित घर से फरार बताए गए हैं। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि राजू पासवान के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपितों की अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश अहियापुर पुलिस को दिया गया है। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान छानबीन की है।
दोनों को बर्थडे पार्टी के लिए बुलाकर ले गए थे आरोपित: अहियापुर पुलिस के मुताबिक दीपक और राजा को आरोपित बुधवार की शाम बर्थडे पार्टी में बुलाकर ले गए थे। देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं मिला। मोबाइल भी बंद थे। आरोपितों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा था। गुरुवार की शाम में सोशल मीडिया के माध्यम से दो युवकों के शव मिलने की जानकारी राजू पासवान को हुई। इसके बाद उन्होंने अहियापुर पुलिस से संपर्क किया और एसकेएमसीएच स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां पुत्र दीपक और भांजा राजा के शव की पहचान की।

अन्य समाचार