मुजफ्फरपुर में पुलिस का इकबाल खत्म, दो भाइयों को मारकर फेंका

मुजफ्फरपुर, जासं। अहियापुर थाना क्षेत्र में दो युवकों की हत्या कर शव फेंक दिए गए। गुरुवार को कुछ ही समय में दोनों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। देखने वालों लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों के हाथ-पैर बंधे थे। अहियापुर थाने की पुलिस ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाम में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों को जानकारी मिली तो दोनों की पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि ये दोनों ममेरा-फुफेरा भाई थे। फतेहपुर में मिला शव राजा कुमार व एसकेएमसीएच इलाके में मिला शव दीपक कुमार का था। दोनों बड़ाजगन्नाथ के रहने वाले थे। मजदूरी करके जीवन यापन करते थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि शव देखने से प्रतीत होता है कि हाथ-पैर बांधकर उनकी हत्या की गई है। शरीर पर नुकीले औजार के भी जख्म मिले हैैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

जन्मदिन पार्टी की बात बता घर से बुलाकर ले गए थे
घटना की जानकारी मिलने पर एसकेएमसीएच पहुंचे स्वजनों में दीपक के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि बुधवार को जन्मदिन पार्टी की बात बताकर पड़ोस के राहुल व पंकज उसे घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद दोनों वापस घर नहीं लौटे।
चिंतित स्वजनों को मिली जानकारी तो मचा कोहराम
गुरुवार की शाम स्वजनों को जब दोनों की हत्या की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। वे दोनों के घर न पहुंचने से चिंतित थे। इधर, पुलिस को दिए बयान में गांव के पंकज कुमार, संजीव, अरुण राय समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
तेजी से बाइक चलाने को लेकर हुआ था विवाद
राजू ने पुलिस को बताया कि करीब तीन महीने पूर्व गांव में पंकज तेजी से बाइक चला रहा था। इसका उसने व मृतकों ने विरोध किया था। शिकायत पर पुलिस ने उसकी बाइक जब्त की थी। कहा गया कि इस मामले को लेकर पंकज ने हत्या की धमकी भी दी थी। इसके बाद गुरुवार को हत्या कर शव फेंके मिले। डीएसपी नगर रामनरेश पासवान ने कहा कि प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। स्वजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अन्य समाचार