Bhagalpur Crime : दबंगों ने अंचल कार्यालय में घुसकर डाटा इंट्री ऑपरेटर को पीटा, सीओ के साथ भी की बदसलूकी

जागरण संवाददाता, भागलपुर। स्थानीय दबंगों ने नाथनगर प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में घुसकर डाटा इंट्री ऑपरेटर को पीट डाला। बीच बचाव करने आए सीओ के साथ भी बदसलूकी की। दबंग म्यूटेशन नहीं होने से नाराज था। घटना गुरुवार 11 बजे दिन की है। सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों को खदेड़ा। घटना थाना से मात्र पचास मीटर दूरी पर घटी है। सीओ और कर्मी को जमकर गाली गलौज किया गया। जाते जाते उसने कर्मचारी को गोली मार देने की धमकी भी दी।

अंचल कर्मी नीतेश कुमार ने बताया कि आरोपित नयाटोला मिर्जापुर गांव का रितेश यादव उर्फ रितुआ है। उसने एक माह पूर्व म्यूटेशन के लिए दस्तावेज जमा किया था। गुरुवार को रितेश आया और म्यूटेशन नहीं होने का कारण पूछने लगा। इस पर मैंने कहा कि हल्का कर्मचारी ही इस बारे में बता सकते हैं। देखते ही देखते रितेश आक्रोशित हो गया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। हो-हल्ला सुनकर जब सीओ राजेश कुमार बीच बचाव करने पहुंचे तो उसने उनके साथ भी बदसलूकी की। सीओ और अंचल कर्मी घटना के बाद मधुसुदनपुर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। नाथनगर अंचलाधिकारी राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने अपने साथ बदसलूकी होने की बात से इनकार किया है।

अन्य समाचार