कैमूर के रामगढ़ में राम रथ का पूजन करने के पश्चात हुआ धन संग्रह

कैमूर। देश के पावन पूरी नगरी के रुप प्रतिष्ठित अयोध्या की झांकी अब गांव गांव दिखने लगी है। भूतो न भविष्यति की परिभाषा साकार कर अब राम मंदिर निर्माण की चर्चा होने लगी है। भगवान श्रीराम के यात्रा में पड़ाव भूमि के रूप रामगढ़ की पहचान होने से यहां रामभक्तों में उत्साह की परकाष्ठा चरम पर है। प्रतिदिन लाखों रुपये श्रीराम मंदिर निर्माण समर्पण निधि में रामगढ़ से जा रहा है। राम भक्तों की टोली गांव गांव निकल पड़ी है। गुरुवार को रथ का पड़ाव रामगढ़ बना। यहां राम रथ के पहुंचते ही लोग पूजन अर्चन कर स्वागत किए तथा महिलाएं भी आगे निकल रथ पर लगी भगवान श्री राम की तस्वीर की धूप दीप के साथ पूजा अर्चना की।

वैदिक मंत्रोच्चार भी हुआ। शंख ध्वनि भी हुई। लोग जय श्रीराम का नारा भी लगा रहे थे। लोग इच्छा अनुसार समर्पण निधि में राशि दे रहे हैं। महिलाएं पुरुषों से एक कदम आगे बढ़कर श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए योगदान दे रही हैं। एक एक हिदू के घर तक इस राम रथ को पहुंचाया जा रहा है। कूपन से लेकर दान पेटी में धन संग्रह किया जा रहा है। ऐसा कोई घर नहीं जहां से महिलाएं न निकल रही हो। बकायदा आरती पूजन के साथ लोग राम मंदिर निर्माण में अपनी आस्था जता रहे हैं। अन्न धन धान्य से लेकर हर तरह का सहयोग मिल रहा है। बिन मांगे लोग स्वेच्छा से इस विश्व स्तर के राम मंदिर निर्माण में अपना सहयोग कर रहे हैं। एक घर परिवार से एक सदस्य नहीं कई लोग इस पवित्र कार्य में अपना हांथ बंटा रहे है।
पैक्स अध्यक्ष राजीव सिंह सहित कई लोगों ने इस अभियान में बढ़चढ़ कर सहयोग किया। दो माह के इस प्रायोजित कार्यक्रम में एक दिन भी प्रभु श्रीराम का रथ न रुके इसको लेकर लोग अन धन से सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

अन्य समाचार