अहियापुर में भाइयों की हत्या के विरोध में बवाल, छह आरोपित गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। वरीय संवाददाता

अहियापुर में रिश्ते के दो भाइयों राजा व दीपक कुमार की हत्या के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित परिजन व लोगों ने बवाल किया। मुजफफरपुर-दरभंगा एनएच 57 को जाम कर दिया। टायर जलाकर प्रदर्शन किया। बवाल के दौरान उनकी राहगीरों से नोकझोंक भी हुई। इसकी सूचना पर अहियापुर थानेदार सुनील कुमार रजक पुलिस बल के साथ पहुंचे। साथ में स्थानीय मुखिया भी थे। दोनों ने आक्रोशितों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिर जाम हटा। बोचहां सीओ ने दोनों मृतकों के परिवार को कबीर अंत्येष्टि योजना से 23-23 हजार रुपये दिए हैं।
वहीं पुलिस ने गुरुवार की रात बड़ा जगन्नाथ समेत अन्य गांवों में छापेमारी कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार भी मिले हैं। फिलहाल इनसे पुलिस के वरीय अधिकारी अहियापुर थाने पर गहन पूछताछ कर रहे हैं। एसएसपी जयंतकांत ने संदिग्धों से पूछताछ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

अन्य समाचार