बिहार: सासाराम में अपराधियों ने चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या की

बिहार में बदमाशों के हौसले काफी बुलंद हैं। शुक्रवार की देर शाम सूबे के सासाराम में अपराधियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक चाचा भतीता हैं। घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के लश्करीगंज बांध की है। घटना की पुष्टि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार रावत ने की।  मृतकों की पहचान लश्करीगंज निवासी माधव दुबे एवं उनके चाचा गोपाल दुबे के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार की रात्रि के करीब 9 बजे प्रत्येक दिन की तरह दोनों घर के पास बैठे हुए थे, तभी दर्जनों की संख्या में आए अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। लोग वहां से भागते तब तक दोनों को कई गोलियां लग गईं। गोलीबारी की घटना में माधव दुबे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा गोपाल दुबे की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि माधव दुबे अपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज है। डीएसपी ने बताया कि घटना के कारणों का पता फिलहाल नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

अन्य समाचार