आरसीपी सिंह का ऐलान- पूरी ताकत से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगा जदयू

जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगा। इसके लिए पार्टी ने व्यापक तैयारियां आरम्भ कर दी है। उत्तर प्रदेश राज्य इकाई के पार्टी पदाधिकारियों के साथ शनिवार को दिल्ली में संपन्न बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद आरसीपी सिंह ने कहा कि पार्टी ने दूसरे राज्यों में अपने विस्तार को अमली जामा पहनाना आरंभ किया है और इसी के तहत पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकेगी।

आरसीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के लिए अपार संभावनाएं हैं और जरूरत इस बात की है कि हम अपनी ताकत को पहचानें और उसके अनुरूप कदम उठाते हुए चुनावों में सफलता हासिल करें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष को यह जिम्मेदारी भी सौंपी कि वह राज्य के सभी जिला अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के द्वारा पार्टी की नीतियों और राजनीतिक उपलब्धियों के बारे में राज्य के लोगों को विस्तार से बताएं। लोगों को यह भी बताया जाये कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए कौन-कौन से कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जदयू यूपी में ग्राम पंचायत के चुनाव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले।
उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संपन्न बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल, प्रधान महासचिव सुशील कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद त्यागी, शैलेन्द्र प्रसाद, हरिशंकर पटेल, भरत पटेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद पटेल, रमेश उपाध्याय, मनीष नंदन आदि भी मौजूद थे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश जदयू अध्यक्ष को बूथ कमेटी, न्याय पंचायत कमेटी, विधानसभा कमेटी, विधानसभा प्रभारी जिला कमेटी, लोकसभा प्रभारी कमेटी का गठन करने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में 12 फरवरी 2021 को फिर से एक बैठक राष्ट्रीय कार्यालय में होगी।

अन्य समाचार